समग्र समाचार सेवा
जबलपुर, 3 अप्रैल।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के 220 केवी सब स्टेशन गोरा बाजार का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर लोकार्पण समारोह में वर्चुअल रूप से विशिष्ट अतिथि के रूप में जुड़े, जबकि जबलपुर के सांसद श्री राकेश सिंह एवं जबलपुर केंट क्षेत्र के विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने समारोह में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित हो कर सब स्टेशन का लोकार्पण किया। सांसद श्री राकेश सिंह ने इस अवसर पर लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2007 में मध्यप्रदेश के पूर्व विधानसभाध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी ने भविष्य की आवश्यकता को दृष्टिगत रखते हुए गोरा बाजार सब स्टेशन की परिकल्पना की थी। उन्होंने कहा कि गोरा बाजार सब स्टेशन के निर्माण होने ने न केवल केंट क्षेत्र की बिजली समस्या का समाधान होगा, बल्कि पूरे जबलपुर शहर को गुणवत्तापूर्ण व सतत् बिजली आपूर्ति संभव होगी। सांसद ने कहा कि गोरा बाजार सब स्टेशन जबलपुर के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। श्री राकेश सिंह ने सब स्टेशन के निर्माण में सहयोग देने के लिए सैन्य प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर स्टेशन कमान्डेंट बिग्रेडियर श्री अजय तिवारी, गैरिसन इंजीनियर श्री अमित तिवारी, जबलपुर क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर. के. स्थापक, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अभियंता श्री आर. के. खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित थे। समारोह की शुरूआत में अतिथियों ने कन्या पूजन किया।
सब स्टेशन जबलपुर के लिए सौगात-केंट के विधायक श्री अशोक ईश्वरदास रोहाणी ने कहा कि गोरा बाजार सब स्टेशन जबलपुर के लिए सौगात है। उन्होंने कहा कि गोरा बाजार सब स्टेशन के क्रियाशील होने से पूर्व विधानसभाध्यक्ष श्री ईश्वरदास रोहाणी का सपना साकार हुआ है। विधायक श्री रोहाणी ने कहा कि सब स्टेशन के क्रियाशील होने से केंट विधानसभा क्षेत्र बिजली में आत्मनिर्भर हो गया और पूरे क्षेत्र में बिजली की सप्लाई निर्बाध होगी। भरपूर बिजली की आपूर्ति होने से तिलहरी-बिलहरी में नए जबलपुर की अवधारणा साकार रूप ले सकेगी। उन्होंने सब स्टेशन के निर्माण हेतु भूमि देने के लिए सैन्य प्रशासन को धन्यवाद दिया।

समारोह में अतिथियों का स्वागत मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्य अभियंता श्री आर. के. खंडेलवाल, अधीक्षण अभियंता श्री अजय श्रीवास्तव, श्री वी. एस. पाणी, कार्यपालन अभियंता श्री राजीव अग्रवाल, श्री प्रमोद बेहरे, श्री हिमांशु श्रीवास्तव एवं सहायक अभियंता श्री एच. एल. कोष्टा ने किया। कार्यक्रम का संचालन श्री राजेश पाठक ने किया।