Site icon Samagra Bharat News website

यूपी के बिजनौर में पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 मजदूरों की मौत, 4 की हालत गंभीर

A sudden explosion occurred on Thursday in a firecracker factory running in the midst of the population in the Bakshiwala area of ​​Bijnor

समग्र समाचार सेवा
बिजनौर, 8अप्रैल।
उत्तर प्रदेश में बिजनौर जिले के बक्शीवाला क्षेत्र में आबादी के बीच में चल रही पटाखा फैक्ट्री में गुरुवार को अचानक विस्फोट हो गया। इस हादसे में पांच मजदूरों की जान चली गई जबकि चार की हालत गंभीर बनी हुई है। मौके पर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं। राहत कार्य तेजी से जारी है। बताया जा रहा है कि इस घर में सक्रिय सामग्री बनाई जा रही थी। वर्तमान में पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक बिजनौर जिले के बख्शीवाला क्षेत्र के बुखारा गांव निवासी यूसुफ ने जादोवाला में एक मकान ले रखा है जिसमें अवैध तरीके से घर में पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। जहां यूसुफ नौ मजदूरों से पटाखे तैयार करा रहा था और इस दौरान यूसुफ ने मकान के बाहर से ताला लगा रखा था।
इस मकान मे कुल नौ मजदूर काम कर रहे थे और दोपहर में अचानक बारूद में आग लग गई, जिससे जबरदस्त विस्फोट हुआ। इस विस्फोट में मकान का एक हिस्सा तो धराशाई हो गया और अनुसूचित जाति के पांच मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहां पर काम कर रहे अन्य चार गंभीर रूप से जख्मी हैं।
यूसुफ को लाइसेंसधारी पटाखा विक्रेता बताया गया है और हादसे के बाद मौके पर पहुंचे यूसुफ को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया है. फायर ब्रिगेड के साथ ही जिला प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है।

विस्फोट में मृतक मजदूरों के नाम, 1- चिंटू (21 वर्ष) निवासी बुखारा, 2- प्रदीप (25 वर्ष), निवासी बुखारा, 3- सोनू (22 वर्ष), निवासी बुखारा, 4- वेदपाल उर्फ वीरेंद्र (45) निवासी बुखारा और 5- ब्रजपाल (45 वर्ष) निवासी बकली.
घायल हुए मजदूरों के नाम: 1- समरपाल, अमन, प्रिंस व राहुल.

Exit mobile version