Site icon Samagra Bharat News website

कोरोना के बढते मामलों के बीच कई शहरों में आज से लगे लॉकडाउन तो कही नाइट कर्फ्यू

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 9अप्रैल।
देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आज से मुंबई, रायपुर और भोपाल समेत कई शहरों में वीकेंड लॉकडाउन की शुरुआत हो चुकी है तो कई शहरों में मार्च से ही नाइट कर्फ्यू लगाया जा रहा है।
हालांकि जनता अभी पिछली लॉकडाउन की मार अभी तक झेल रही है इसलिए अब दोबारा लॉकडाउन के लिए तैयार नही है, लेकिन लापरवाही के कारण नए मामलों में बढ़ोतरी होते देख देश में कई जगहो पर वीकेंड लॉकडाउन औऱ नाइट कर्फ्यू की शुरूआत हुई है।

आज से मुंबई, पुणे और नागपुर समेत महाराष्ट्र के सभी शहरों और जिले में लॉकडाउन शुरू हो रहा है जो रात आठ बजे से लेकर सोमवार सुबह सात बजे तक रहेगा. इस वक्त पूरा महाराष्ट्र वीकेंड लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू की जद में रहेगा। जरूरी सेवाओं के अलावा किसी को भी इस दौरान आवाजाही की इजाजत नहीं होगी। मुंबई प्रशासन ने इसके लिए अलग से गाइडलाइन भी जारी की है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है और इसकी सीमाएं 9 अप्रैल शाम 6 बजे से 19 अप्रैल सुबह 6 बजे तक सील रहेंगी। इन दस दिनों के दौरान सिर्फ जरूरी सेवाओं को ही छूट होगी। परीक्षा देने वाले स्टूडेंट को इस पाबंदी से छूट मिलेगी. सरकारी से लेकर सभी तरह के दफ्तर इस दौरान बंद रहेंगे तो वहीं छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नौ दिनों का लॉकडाउन है, जो 6 अप्रैल से जारी है।
मध्य प्रदेश के सभी शहरों में आज यानी शुक्रवार से वीकेंड लॉकडाउन रहेगा. मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक प्रदेश के सभी शहरों में लॉकडाउन लागू रहेगा. इसके अलावा भविष्य में कुछ और सख्तियां भी लागू की जा सकती हैं।

इन शहरों में पहले से है नाइट कर्फ्यू

दिल्ली, नोएडा, चंडीगढ़, गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, राजकोट, ओडिशा के सुंदरगढ़, बरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, बलांगीर, नुआपाड़ा, कालाहांडी, मलकानगिरी, कोरापुट और नबरंगपुर, राजस्थान के जयपुर, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज में पहले से ही नाइट कर्फ्यू है।

बता दें कि देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,31,787 नए मामले मिले है, जो महामारी की शुरुआत के बाद से अब तक प्रतिदिन मिलने वाले कोरोना संक्रमितों की यह सर्वाधिक संख्या है। इसके पहले बुधवार को कोरोना के रिकॉर्ड 1,26,789 नए मामले मिले थे।

Exit mobile version