Site icon Samagra Bharat News website

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कोविड-19 स्थिति की समीक्षा की, प्रदेश के सभी जनपदों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश

Chief Minister Adityanath reviewed the status of Kovid-19 through virtual medium. CM Yogi directed to increase covid beds in all

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 24अप्रैल। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा की। सीएम योगी ने प्रदेश के सभी जनपदों में कोविड बेड्स बढ़ाए जाने, ऑक्सीजन की उपलब्धता व आपूर्ति किए जाने, आर0टी0पी0सी0आर0 की क्षमता बढ़ाने, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग तथा शत-प्रतिशत टेस्टिंग सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए और कहा कि कोविड संक्रमित मरीजों को समयानुसार मेडिकल किट हर हाल में उपलब्ध करायी जाए और उनसे निरन्तर व नियमित संवाद रखा जाए।
कोविड प्रोटोकॉल को अमल में लाते हुए टेस्ट, ट्रेस और ट्रीट के मंत्र को आत्मसात करें, तो निश्चित ही कोरोना के खिलाफ इस लड़ाई में हमारी जीत होगी।
उन्होंने कहा कि आर0टी0पी0सी0आर0 और एण्टीजन टेस्ट की क्षमता को दोगुना किया जाए। शुक्रवार रात्रि 08 बजे से सोमवार प्रातः 07 बजे तक साप्ताहिक कोरोना कफ्र्यू प्रभावी रहेगा। इस अवधि में कोविड टीकाकरण का कार्य सतत जारी रहेगा, लोगों को घर से टीकाकरण केन्द्र जाने और वापस आने की छूट होगी, इस दौरान औद्योगिक इकाइयां व आवश्यक सेवाएं सतत संचालित रहेंगी। कालाबाजारी, अफवाह फैलाने अथवा माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध गैंगस्टर एवं एन0एस0ए0 के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए, इनकी सम्पत्ति जब्त की जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था की लाइव मॉनीटरिंग के लिए ऑक्सीट्रैकर वेब पोर्टल का शुभारम्भ किया गया। बता दें कि ऑक्सीट्रैकर पोर्टल, ऑक्सीजन की मांग, कुल आवंटन, गाड़ियों की लाइव लोकेशन, जिलों में उपलब्धता व खपत सहित सभी आवश्यक जानकारी से अपडेट रहेगा। प्रदेश के सभी जिलों के सभी छोटे-बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता पर 24×7 नजर रखी जाए।
प्रत्येक अस्पताल में ऑक्सीजन ऑडिट कराया जाए, प्रदेश में कहीं भी ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी जाएगी। रेमडेसिविर तथा अन्य जीवन रक्षक दवाओं का वितरण पारदर्शी रूप से किया जाए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन द्वारा अस्पतालों में भर्ती कोविड संक्रमित मरीजों की स्थिति की निरन्तर जानकारी प्राप्त की जाए। फल व सब्जी मण्डियों में मास्क की अनिवार्यता तथा कोविड प्रोटोकॉल के सम्बन्ध में जागरूकता व प्रचार-प्रसार किया जाए।
सभी जिलों में क्रियाशील निजी मेडिकल कॉलेजों में ऑक्सीजन प्लाण्ट स्थापित करने की कार्यवाही तेजी से की जाए। आगामी 01 मई से 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी प्रदेशवासियों का निःशुल्क टीकाकरण होगा, इस सम्पूर्ण प्रक्रिया के सुचारु संचालन की कार्ययोजना वित्त मंत्री की अध्यक्षता में गठित कमेटी तैयार करेगी। सभी गेहूं क्रय केन्द्र संचालित रहें, यदि कोई केन्द्र कोविड संक्रमण कर्मी से प्रभावित होता है, तो तुरन्त वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। किसानों को अपनी उपज मनचाहे केन्द्र पर बेचने की पूरी स्वतंत्रता है। सभी अस्पतालों में अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लिया जाए, जिससे अग्नि की घटनाओं में क्षति न होने पाए।सीएम योगी ने कहा कि यह कार्य पूरे प्रदेश में तत्काल किया जाए। आमजन को बेड की उपलब्धता की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। प्रदेश में ऐसे सभी हॉस्पिटल जहां कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज हो रहा है, प्रत्येक दिन में दो बार अस्पताल में रिक्त बेड का विवरण सार्वजनिक करें। यह विवरण जिले के इण्टीग्रेटेड कण्ट्रोल एण्ड कमाण्ड सेण्टर के पोर्टल पर भी अपलोड कराया जाए। बेड का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाना चाहिए। सभी जिला प्रशासन इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कराएं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पंचायत चुनाव में ड्यूटी करने वाले सभी कार्मिक मास्क व ग्लब्स का उपयोग करें। संक्रमण को ध्यान में रखते हुए, पुलिस फोर्स को संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जाए। कोरोना से बचाव के सम्बन्ध में व्यापक जागरूकता का कार्यक्रम संचालित किया जाए। इसके लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रभावी उपयोग किया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विभिन्न राज्यों से प्रदेश आ रहे प्रवासी कामगारों/श्रमिकों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए परिवहन तथा गृह विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि लक्षणविहीन प्रवासी श्रमिकों को न्यूनतम 07 दिन के लिए क्वारन्टीन किया जाए। अस्वस्थ होने की दशा में अच्छी चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए। परिवहन निगम की बसों को व्यापक स्तर पर सैनिटाइज कराया जाए।
समीक्षा में चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री सुरेश खन्ना, स्वास्थ्य मंत्री श्री जय प्रताप सिंह, स्वास्थ्य राज्य मंत्री श्री अतुल गर्ग एवं वरिष्ठ अधिकारीगण वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।

Exit mobile version