Site icon Samagra Bharat News website

त्रिपुरा: कोरोना गाइडलाइन के उल्लंघन में डीएम ने रूकवाई शादी, मैरिज हॉल में लोगों से की बदसलूकी, अब मांगी माफी

समग्र समाचार सेवा
अगरतला, 28अप्रैल। पिछले दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हुआ जिसमें एक डीएम अपने पद का रौब दिखाते हुए नजर आए। दरअसल ये वीडियो पश्चिम त्रिपुरा का है जिसमें वो एक शादी हॉल पर छापेमारी कर रहे हैं, जहां कोरोना के नियमों की अनदेखी की जा रही है। इस वीडियो में जिलाधिकारी शैलेश यादव काफी गुस्से में नजर आ रहे हैं और हॉल में मौजूद लोगों को डांट लगा रहे हैं।
वीडियो में जिलाधिकारी ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वो दुल्हा और दुल्हन के समेत पूरी भीड़ को हॉल से बाहर निकाले और सभी लोगों को गिरफ्तार करे। डीएम शैलेश यादव ने कहा कि इन लोगों के खिलाफ नाइट कर्फ्यू और महामारी आपदा कानून के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।

यही नहीं डीएम यादव ने वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाया कि वो प्रशासन को सहयोग नहीं दे रहे हैं। वीडियो में शैलेश यादव यह कहते हुए नजर आते हैं कि वो सरकार से पूर्व अगरतला पुलिस स्टेशन के प्रभारी की शिकायत करेंगे और उन्हें निलंबित करने की सिफारिश करेंगे।

और अब जब यह वीडियो वायरल हो गया तो लोगों ने जिलाधिकारी के रवैये के खिलाफ सवाल उठाने शुरू कर दिए। यूजर्स ने इस वीडियो पर कमेंट करते हुए जिलाधिकारी के रवैये की निंदा की और कहा कि प्रशासन को सिर्फ आम लोग ही दिखते हैं कार्रवाई के लिए, नेता नहीं। तो डीएम यादव ने मंगलवार को शादी रुकवाने के लिए माफी मांग ली है और कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावना को आहत करना नहीं था। वहीं मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देव ने मुख्य सचिव मनोज कुमार से घटना को लेकर रिपोर्ट तलब करने को कहा है।

Exit mobile version