Site icon Samagra Bharat News website

ओडिशा में शुरू हुआ चक्रवात यास का तांडव, लैंडफॉल और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश

The extremely dangerous Yas Cyclone is now taking its terrible form. The Yas cyclone has now started the process of hitting Odisha. Due to this, landfall, strong winds and heavy rains are occurring in many areas. Photos of uprooting of trees have also been seen in many places.

समग्र समाचार सेवा
भुवनेश्वर, 26 मई। बेहद खतरनाक यास चक्रवात अब अपना भयंकर रूप लेता जा रहा है। यास चक्रवात के अब ओडिशा से टकराने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। इसकी वजह से कई इलाकों में लैंडफॉल, तेज हवाएं और भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर पेड़ों के उखड़ने की तस्वीर भी देखने को मिली है। यास की वजह से पश्चिम बंगाल में तट के कई किमी दूर तक दूकानों और घरों में पानी भर गया है। तूफान बालेश्वर और भद्रक जिले के बीच स्थित धामरा के निकट तट से टकराएगा। इस दौरान 155-165 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलेगी जोकि 185 किलोमीटर प्रतिघंटा तक भी पहुंच सकती है।
चक्रवात से खतरे को देखते हुए बंगाल और ओडिशा में 12 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। झारखंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और अंडमान निकोबार द्वीप में भी बचाव के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

चक्रवाती तूफान यास के लैंडफाल से पहले ओडिशा के पारादीप में तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश हो रही है। भद्रक जिले के भामरा में भी तेज हवाएं चल रही हैं और भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात यास आज दोपहर ओडिशा के तट से टकराएगा।

चक्रवात को देखते हुए पुरी, ढेकनाल, नयागढ़, गंजम, जाजपुर और अंगुल जिले से भी लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। पूरे प्रदेश में तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। करीब पांच हजार गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमें तैनात हैं। समंदर में भारतीय नौसेना ने मोर्चा संभाला है। नौसेना का पोत आईएनएस चिल्का विशाखापट्टनम तट पर भारी मात्रा में राहत सामग्री के साथ मौजूद है।

Exit mobile version