Site icon Samagra Bharat News website

सागर राणा मर्डर केस: पहलवान सुशील कुमार का एक और साथी गिरफ्तार, अब तक 8 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 28मई। छत्रसाल स्टेडियम में हुई 23 वर्षीय सागर राणा की हत्या मामले में पहलवान सुशील कुमार के एक और साथी रोहित करोर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी ओलंपिक पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय पहलवान सुशील कुमार सहित अब तक 8 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस ने सुशील कुमार के खिलाफ हत्या, अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया है।

गौरतलब है कि सुशील कुमार और कुछ अन्य पहलवानों द्वारा चार मई की रात को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम परिसर में कथित रूप से की गई मारपीट में सागर राणा की मौत हो गई थी और सागर के दोस्त सोनू तथा अमित कुमार घायल हो गए थे। पुलिस इस मामले में सुशील कुमार, अजय बक्करवाला, प्रिंस, भूपेंद्र, मोहित, गुलाब और मंजीत को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने बताया कि भूपेंद्र, मोहित, गुलाब और मंजीत काला असौदा और नीरज बवाना गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। जब यह मारपीट की वारदात हो रही थी तो हमलावारों के दोस्त प्रिंस दलाल ने इस घटना का वीडियो बना लिया था। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर सभी भाग गए थे लेकिन प्रिंस पकड़ा गया। उसके फोन में कुछ वीडियो मिले जिसमें सुशील कुमार अपने साथियों के साथ पिटाई करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना के पीछे वजह मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक संपत्ति को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

सागर की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि उसकी मौत सिर पर किसी भारी वस्तु से हमले के कारण दिमाग में चोट लगने से हुई थी। सभी चोटें प्रकृति में एंटीमॉर्टम हैं। इससे पहले फॉरेंसिक साइंस लैब ने अपनी रिपोर्ट में मोबाइल की उस वीडियो फुटेज को सही ठहराया था जिसमें सुशील अपने साथियों के साथ सागर की पिटाई करते दिख रहे हैं।

Exit mobile version