समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 29मई। विभागीय मंत्री डॉ0 धन सिंह रावत ने राज्य के पहले व्यावसायिक मॉडल महाविद्यालय, पैठाणी में इसी सत्र से कक्षाएँ संचालित करने तथा सभी महाविद्यालयों में आगामी सत्र से वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
दून विश्वविद्यालय स्थित रूसा कार्यालय में वर्चुअल माध्यम से उच्च शिक्षा विभागान्तर्गत राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शासन के उच्चाधिकारियों एवं उच्च शिक्षा निदेशालय के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए कई अहम फैसले लिए। समीक्षा बैठक के दौरान विश्वविद्यालयों में 4जी कनैक्टिविटी, डीजी लॉकर की स्थापना, ई-ग्रन्थालय की वर्तमान स्थिति, रिक्त पदों के सापेक्ष भर्ती, वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाओं का आयोजन, राजकीय महाविद्यालयों में रोजगारपरक पाठ्यक्रम का संचालन, महाविद्यालयों का उच्चीकरण, नमामि गंगे कार्यक्रम की स्थिति, महाविद्यालयों में कम्प्यूटर लैब की स्थापना सहित विभिन्न बिन्दुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होनें राज्य के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में राज्य सैक्टर तथा रूसा के तहत निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों नियत समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। राज्य में प्रस्तावित आईसर संस्थान की स्थापना हेतु भारत सरकार की सहमति के लिए प्रस्ताव भेजने तथा महिला विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु आवश्यक कार्यवाही के भी निर्देश दिए।

बैठक में प्रभारी सचिव उच्च शिक्षा दीपेन्द्र चैधरी, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ0 कुमकुम रौतेला, संयुक्त निदेशक डॉ0पी0के0 पाठक, रूसा सलाहाकार प्रो0 एम0एस0एम0 रावत, प्रो0 के0डी0 पुरोहित, अपर सचिव एम0एम0 सेमवाल, अनुसचिव ब्योमकेश दुबे, उपनिदेशक डॉ0राजीव रतन, डॉ0 एन0एस0 बनकोटी, रूसा नोडल डॉ0 ए0एस0 उनियाल, डॉ0 विनोद कुमार, डॉ0 दीपक कुमार पाण्डेय सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।