समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 11जून। टिहरी जनपद के चंबा क्षेत्र के मौण गांव की होनहार बेटी मनीषा तड़ियाल ने भारतीय सेना की मेडिकल कोर में लेफ्टिनेंट बनकर उत्तराखण्ड का मान बढ़ाया है। कड़े परिश्रम के साथ प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इस बेटी को दिल्ली सेना अस्पताल में तैनाती मिली है। लेफ्टिनेंट मनीषा की कामयाबी पर परिवार रिश्तेदारों के साथ ही गांव क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।

लेफ्टिनेंट मनीषा के पिता गंभीर सिंह तड़ियाल जो उद्योग निदेशालय देहरादून में कार्यरत हैं, ने बताया कि मुझे गर्व है कि उनकी बेटी ने देश सेवा के लिए सेना में जाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि बेटी बचपन से ही सेना में शामिल होना चाहती थी। इसके लिए उसने जमकर मेहनत भी की। अब मनीषा सेना में अपनी सेवाएं देकर देश की सेवा करेगी, उन्होंने बेटी को बहुत कर्मठ बताया। मनीषा की माता कमला देवी गृहणी हैं।
चंबा के सुनीलगोपाल कोठारी, नवजोत तड़ियाल , महिपाल सिंह सजवाण, राजेश्वर बडोनी, विकास बहुगुणा, शक्ति जोशी, गणेश कोठारी ने लेफ्टिनेंट मनीषा की कामयाबी पर खुशी जताई है।