Site icon Samagra Bharat News website

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी में भाजपा, अनुप्रिया और राजभर के साथ की बैठक

In UP, the BJP has prepared the outline for the 2022 assembly elections. The party leadership has informed Chief Minister Yogi Adityanath

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 12जून। यूपी में भाजपा ने विधानसभा चुनाव 2022 की रूपरेखा तैयार कर ली है। पार्टी नेतृत्व ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में अवगत करा दिया है। आने वाले छह से आठ महीनों में योगी सरकार और बीजेपी पार्टी मिलकर विभिन्न मोर्चों पर मिशन 2022 के लिए काम करेगी। इस मिशन में सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक मोर्चों को साधने के साथ जनता की नाराजगी को दूर करना और 2022 में सत्ता को बरकरार रखने की कार्ययोजना शामिल है।
पिछले महीने पांच राज्यों में विधानसभाओं चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा नेतृत्व ने अगले साल होने वाले राज्यों में चुनाव का आकलन किया. यूपी में पंचायत चुनाव के परिणामों ने भाजपा को समय रहते सतर्क कर दिया।

राज्य में चर्चा है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए जितिन प्रसाद भी योगी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। ताकि प्रसाद को चुनाव में ब्राह्मण चेहरे के तौर पर मैदान में उतारा जा सके। लिहाजा इसके लिए भाजपा ने कांग्रेस में सेंध लगाई। वहीं माना जा रहा है कि आने वाले दिनों भाजपा में कांग्रेस के कई नेता शामिल हो सकते हैं। चर्चा है कि कांग्रेस से आए जितिन प्रसाद को जुलाई में एमएलसी बनाया जा सकता है।

क्योंकि राज्य में जुलाई में पांच सीटों के लिए एमएलसी चुनाव होने हैं और इससे पहले कैबिनेट विस्तार कर उन्हें कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। भाजपा का मानना है कि जितिन प्रसाद के तौर पर उसे एक दमदार चेहरा मिल गया है। जिसके बलबूते वह राज्य में फिर से सत्ता में आ सकती है। राज्य में योगी कैबिनेट में कई मंत्रियों के पद खाली है और ऐसे में उत्तर प्रदेश के मंत्रिमंडल में जितिन प्रसाद के लिए जगह बनाई जा सकती है।

वहीं गुरुवार को अपना दल नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। माना जा रहा है कि केन्द्र में होने वाले कैबिनेट विस्तार में अनुप्रिया पटेल को शामिल किया जा सकता है। ये भी हो सकता है कि अपना दल कोटे से अपना दल के प्रमुख आशीष पटेल को योगी कैबिनेट में शामिल किया जाए। ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और अपना दल का गठबंधन बना रहे। राज्य में समाजवादी पार्टी छोटे दलों के साथ करार कर रही है और उसकी नजर अपना दल पर है।

राज्य में चर्चा है कि कभी भाजपा गठबंधन का हिस्सा रहे सुभासपा को फिर से मनाने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए भाजपा ने ओम प्रकाश राजभर को मनाने का जिम्मा पूर्वांचल के एक नेता को दिया है। ताकि चुनाव से पहले गठबंधन में सुभासपा को शामिल किया जा सके।

Exit mobile version