Site icon Samagra Bharat News website

न्यू मीडिया ही वो क्षेत्र है, जिसमें करियर की सबसे अधिक संभावनाएं हैं- प्रो. संजय द्विवेदी

Director General of Indian Institute of Mass Communication Prof. Sanjay Dwivedi said in the online career counseling session organized

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 24जून। भारतीय जन संचार संस्थान के महानिदेशक प्रो. संजय द्विवेदी ने ‘जयपुर करियर फेयर’ में आयोजित ऑनलाइन कैरियर काउंसलिंग सेशन में कहा कि ”वेबसाइट, मोबाइल एप और ओटीटी प्लेटफॉर्म में जिस तरह लोगों की रुचि बढ़ रही है, उसे देखकर ये कहा जा सकता है न्यू मीडिया ही वो क्षेत्र है, जिसमें करियर की सबसे अधिक संभावनाएं हैं।”

इस काउंसलिंग का आयोजन भारद्वाज फाउंडेशन एवं क्रैडेंट टीवी के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।इस अवसर पर प्रो. द्विवेदी ने मीडिया संगठनों की कार्य प्रणाली से विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को लेकर अपने विचार साझा किये। उन्होंने कहा कि लेखन, डिजाइनिंग और फोटोग्राफी जैसे कौशल वाले क्षेत्रों में मीडिया संगठनों में अवसर खुले हैं।

पत्रकारिता के अलावा विद्यार्थी अन्य करियर विकल्प का चयन कर सकते हैं, जिसमें फिल्म या टीवी के लिए प्रोडक्शन तथा लेखन, निजी क्षेत्र में कॉरपोरेट कम्युनिकेशन और डिजिटल मार्केटिंग में काफी अवसर हैं।प्रो. द्विवेदी ने कहा कि कोविड-19 ने मीडिया के परिदृश्य को बदल दिया है, इसलिए विद्यार्थियों के लिए ई-कॉमर्स और डिजिटल मीडिया कंपनियों में कंटेंट क्रिएशन में रोजगार के अनेक अवसर हैं।

टीवी और फिल्म संगठनों के अलावा, ओटीटी प्लेटफॉर्म भी अच्छे लेखकों की तलाश में हैं। ऐसे में लेखन कार्य में अच्छा कौशल रखने वाले विद्यार्थियों के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं।
कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध मैनेजमेंट गुरु पीएम भारद्वाज ने किया। क्रैडेंट टीवी के निदेशक सुनील नरनोलिया ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस काउंसलिंग में अनेक विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया तथा मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र में करियर के अवसरों से संबंधित जानकारी हासिल की।

Exit mobile version