Site icon Samagra Bharat News website

अपना दल ने मनाई सोनेलाल की जयंती, अनुप्रिया पटेल ने बीजेपी पर साधा निशाना

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 3जुलाई। यूपी में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेताओं के मन के मतभेद दूर करने में जुटी है तो वहीं साथ ही गठबंधन की गांठें दूर करने की कोशिशें भी पार्टी की ओर से की जा रही हैं. वहीं, बीजेपी की गठबंधन सहयोगी अपना दल (एस) ने शुक्रवार को सोनेलाल पटेल की जयंती मनाई. अपना दल के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचीं अनुप्रिया पटेल ने आजतक से खास बातचीत की।

अनुप्रिया पटेल ने कहा कि हमारे पिता सोनेलालजी की जयंती है. हम लोग बहुत सादगी से जयंती मना रहे हैं और कोविड प्रोटोकॉल का भी ध्यान रखा जा रहा है. अनुप्रिया पटेल ने सीट बंटवारे को लेकर अभी कुछ भी कहने को जल्दबाजी बताया और कहा कि उसमें अभी समय है. जब कोई निर्णय लिया जाएगा तो उसे बता दिया जाएगा। अनुप्रिया पटेल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि हम बीजेपी के साथ तीन चुनाव लड़ चुके हैं. जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में दो जगह से अपने उम्मीदवार लड़ा रहीं अनुप्रिया ने इन चुनावों में भी जीत का दावा किया।

अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल से बीजेपी के साथ एमएलसी की सीट को लेकर चल रही बातचीत के संबंध में भी सवाल पूछे गए. एमएलसी सीट के लिए हुई बातचीत को लेकर सवाल अनुप्रिया टाल गईं और कहा कि बीजेपी से हमारी बात राष्ट्रीय स्तर पर बंद दरवाजे के पीछे होती है. सीएम के साथ भी बातचीत बंद दरवाजे में ही होती है. जब तक इसकी जरूरत ना हो, हम बातचीत को मीडिया में सार्वजनिक नहीं करते. उन्होंने यह भी कहा कि इसे लेकर अभी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती. अनुप्रिया ने आगे के चुनावों में भी अपना दल एस के अच्छे प्रदर्शन का दावा किया।

अपना दल की नेता अनुप्रिया पटेल ने यूपी में 69 हजार शिक्षकों की भर्ती पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इस भर्ती में अन्य पिछड़ा वर्ग यानी ओबीसी के अभ्यर्थियों के साथ अन्याय हुआ है।

Exit mobile version