समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8जुलाई। मोदी मंत्रिमडल का विस्तार कल यानि 7जुलाई को हो चुका है। साथ ही मंत्रियों के विभागो का भी बंटवारा कर दिया गया है। जिसके बाद आज सभी मंत्रियों ने अपना कार्यभार संभाला है।
श्री अनुराग ठाकुर ने सूचना और प्रसारण मंत्री का कार्यभार संभाला

सूचना और प्रसारण सचिव श्री अमित खरे ने मंत्री महोदय का उनके कक्ष में स्वागत किया। विभिन्न मीडिया इकाइयों और प्रसार भारती के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुये श्री ठाकुर ने कहा कि वे एक टीम के रूप में सभी मीडिया प्रमुखों के साथ मिलकर काम करेंगे।
डॉ. लोगनाथन मुरुगन ने सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला
डॉ. लोगनाथन मुरुगन ने आज सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्री अनुराग ठाकुर की उपस्थिति में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए, डॉ. मुरुगन ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को उन्हें सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर देने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि वह अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी से करेंगे। राज्य मंत्री ने प्रधानमंत्री को अपने मंत्रिमंडल में तमिलनाडु के लोगों का पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के लिए भी धन्यवाद दिया।
श्री मनसुख मंडाविया ने केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला
उनका स्वागत स्वास्थ्य सचिव श्री राजेश भूषण, अपर सचिव और मिशन निदेशक, एनएचएम (एमओएचएफडब्ल्यू) सुश्री वंदना गुरनानी, अपर सचिव (स्वास्थ्य) डॉ मनोहर अगनानी, अपर सचिव (स्वास्थ्य) श्री विकास शील, अपर सचिव श्री आलोक सक्सेना, डीजीएचएस (स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय) डॉ सुनील कुमार, एफएसएसए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अरुण सिंघल और अन्य प्रमुख अधिकारियों द्वारा किया गया।
डॉ. भागवत किशनराव कराड ने वित्त मंत्रालय में राज्यमंत्री का पदभार संभाला
डॉ. कराड पहली बार राज्यसभा के सदस्य चुने गए हैं। जनसेवा में सक्रिय रहकर वह औरंगाबाद नगर निगम के मेयर और मराठवाड़ा विधिक विकास निगम के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। डॉ. कराड 64 वर्ष के हैं और पेशे से डॉक्टर हैं।
एमबीबीएस की डिग्री के अलावा डॉ. कराड जनरल सर्जरी में एमएस, पीडियाट्रिक सर्जरी में एमसीएच और डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर मराठवाड़ा यूनिवर्सिटी से जनरल सर्जरी में एफसीपीएस और मुंबई यूनिवर्सिटी से एमएस हैं।
श्री भूपेंद्र यादव ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला
श्री यादव ने पदभार ग्रहण करने से पहले आज नई दिल्ली में पर्यावरण मंत्रालय के परिसर में एक पौधा लगाया।
पर्यावरण, वन तथा जलवायु परिवर्तन सचिव श्री रामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मंत्री जी का स्वागत किया।
श्री किरेन रिजिजू ने विधि और न्याय मंत्रालय का कार्यभार संभाला
विधि और न्याय मंत्री का प्रभार संभालने से पहले श्री रिजिजू मई 2019 से जुलाई 2021 तक युवा कार्य और खेल राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) थे और मई 2014 से मई 2019 तक अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री थे।
श्री गिरिराज सिंह ने केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला
श्री सिंह ने ट्वीट के जरिए भी अपने कार्यभार संभालने की जानकारी देते हुए नई जिम्मेदारी सौंपने और भरोसा जताने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का दिल से आभार व्यक्त किया।
श्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में श्री गिरिराज सिंह का उनके कक्ष में स्वागत किया गया। ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी स्वागत के दौरान उपस्थित रहीं।
मीडिया से बातचीत के दौरान श्री सिंह ने कहा कि पूरी प्रतिबद्धता के साथ वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते रहेंगे।
श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी ग्रामीण विकास राज्यमंत्री के तौर पर कार्यभार संभाल लिया है।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री नागेंद्र नाथ सिन्हा सहित अपर सचिव सुश्री अल्का उपाध्याय एवं मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
श्री राज कुमार सिंह ने कैबिनेट मंत्री के रूप में विद्युत और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा का कार्यभार संभाला
यह जिम्मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए श्री राज कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जो भरोसा दर्शाया है हमें उस पर खरा उतरना है।
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया के साथ अपनी संक्षिप्त बातचीत में श्री सिंह ने कहा कि हमने निर्धारित समय से पहले ही प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित विद्युतीकरण के लक्ष्यों को हासिल कर लिया है और हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि विद्युत और ऊर्जा क्षेत्र का लाभ आम आदमी तक पहुंचे।
इस अवसर पर कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने विद्युत मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला
वर्ष 2009 में तिगांव विधानसभा से तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए|
वर्ष 2014 में फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र से 466000 वोटों से चुनाव जीतकर सांसद निर्वाचित हुए |
26 मई , 2014 को मोदीजी की सरकार में सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी राज्यमंत्री बने |
9 नवम्बर , 2014 से अभी तक सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार में राजयमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं |
श्री हरदीप सिंह पुरी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पेट्रोलियम तथा प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कार्यभार संभाला
इस अवसर पर श्री पुरी ने कहा कि “आज, मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा व्यक्त विश्वास से सम्मानित महसूस कर रहा हूं जिन्होंने मुझे इस महत्वपूर्ण मंत्रालय का कैबिनेट मंत्री बनाया है। श्री धर्मेंद्र प्रधान जी का स्थान लेना बड़ा कार्य है।
इस मंत्रालय का काम प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से देश के प्रत्येक नागरिक को छूता है। इस मंत्रालय में ऊर्जा के विषय को लेकर अपार संभावनाएं हैं और कई चुनौतियां हैं। बदलते समय के अनुरूप होने, नई प्रौद्योगिकियों को अपनाने और विश्व भर में हो रहे ऊर्जा परिवर्तन के अनुरूप होने की जरूरत एक आकर्षक अवसर प्रदान करती है।
जैसा कि हम 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ते हैं, ऊर्जा की उपलब्धता और खपत का महत्व सर्वोपरि होगा। मेरा फोकस प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के विजन के अनुरूप कच्चा तेल और प्राकृतिक गैस के घरेलू उत्पादन को बढ़ाने पर होगा।
श्री दानवे रावसाहेब दादाराव ने कोयला राज्य मंत्री और खदान राज्य मंत्री का कार्यभार संभाला
केंद्रीय कोयला और खदान मंत्री श्री प्रल्हाद जोशी ने आज कार्यभार संभालने पर श्री दानवे रावसाहेब दादाराव को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कोयला सचिव श्री अनिल कुमार जैन, खदान सचिव श्री आलोक टंडन और दोनों मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय मंत्री श्री नारायण तातू राणे और राज्य मंत्री श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने आज सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय का कार्यभार संभाला
पांच बार के लोकसभा सांसदश्री भानु प्रताप सिंह वर्मा ने भी इसी मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला है। एक सांसद के रूप में श्री वर्मा अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की कल्याण संबंधी समिति के सदस्य थे। सूक्ष्म, लघु और मध्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के सचिव और सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री और राज्य मंत्री का स्वागत किया।
कार्यभार संभालने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नारायण तातू राणे ने प्रधानमंत्री के गतिशील नेतृत्व और एमएसएमई के प्रति उनकेलगाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एमएसएमई आर्थिक विकास, नवाचार और रोजगार के सबसे मजबूत चालकों में से एक है। इस आशाजनक क्षेत्र के सतत विकास के उच्च स्तर को सुनिश्चित करने के लिए श्री राणे ने “पांच ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में योगदान दोगुना करने और नौकरियों, निर्यात और समावेशी विकास से लाखों महत्वाकांक्षी लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए एमएसएमई की पूरी क्षमता को उन्मुक्त करने और बाधाओं को दूर करने” के दृष्टिकोण पर काम करने की परिकल्पना की है।
कार्यभार संभालने के बाद मंत्रालय के अधिकारियों को संबोधित करते हुए श्री राणे ने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने एमएसएमई मंत्रालय के अधिकारियों से एमएसएमई के उत्थान की दिशा में अपने-अपने क्षेत्रों में स्थायी योगदान देने का आग्रह किया।