Site icon Samagra Bharat News website

तीसरी लहर की आशंका को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट, इन 8 राज्यों में गंभीर हो सकती है स्थिति

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 11जुलाई। केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने शनिवार को एक बैठक में हिल स्टेशनों और पर्यटन स्थलों पर Covid-19 को फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकारों द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा की। उन्होंने इस बैठक में इस बात पर जोर दिया कि Covid-19 की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है, इसलिए सावधानी बरतनी जरूरी है. इस बैठक के दौरान गोवा, हिमाचल प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में कोविड-19 की मौजूदा स्थिति के प्रबंधन एवं लोगों के टीकाकरण की ताजा स्थिति पर चर्चा की गई।

केंद्रीय गृह सचिव ने हिल स्टेशनों और अन्य पर्यटन स्थलों में कोविड-उपयुक्त व्यवहार की घोर अवहेलना को दर्शाने वाली मीडिया रिपोर्टों के मद्देनजर लोगों से सावधानी बरतने को कहा. उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि कोविड की दूसरी लहर का कहर अभी खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्यों को अपनी ओर से पहल करते हुए लोगों द्वारा मास्क पहनने, सोशल डिस्टेंस, और अन्य सुरक्षित व्यवहार के संबंध में कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना चाहिए।
केंद्र सरकार ने कहा कि राजस्थान, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में कोविड पॉजिटिव मामलों की दर 10 प्रतिशत से अधिक है, जो निश्चित तौर पर चिंता का विषय है।
बता दें कि देश में आज कोरोना के 41 हजार से अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 41,506 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 895 लोगों की मौत हुई है। देश में शनिवार को 24 घंटे में 42,766 नए मरीज मिले थे और 1206 की मौत हुई थी। इससे एक दिन पहले 43,393 नए मरीज मिले थे और 911 लोगों की मौत हुई थी।

देश में बीते 24 घंटों में कोरोना से 41,526 लोग ठीक हुए। शनिवार को एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 915 की कमी आई है।

Exit mobile version