Site icon Samagra Bharat News website

लम्बे इंतजार के बाद आखिर दिल्ली-एनसीआर में तेज हवा के साथ हुई झमाझम बारिश

After a long wait, finally, the surrounding areas including Delhi have been cloudy since this morning and according

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13जुलाई। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में आज सुबह से घनघोर बादल छाए हैं और मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में आज से लेकर अगले दो दिनों तक तेज हवा के झोंकों के साथ बारिश होगी. पिछले दो दिनों से उत्तर भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा रखी है, उत्तराखंड-जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश में बारिश की वजह से बादल फटने की घटनाएं भी हुई हैं।
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज दिल्ली के साथ पूरे देश को कवर कर लिया। मौसम विभाग ने आज राजस्थान और जम्मू-कश्मीर के लिए ऑरेंज अलर्ट और हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के लिए यलो अलर्ट जारी करके भारी बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट और गुजरात, कर्नाटक के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और असम के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो घंटों में वेस्‍ट दिल्ली, सेंट्रल दिल्‍ली, नई दिल्‍ली, साउथ-वेस्‍ट दिल्‍ली, साउथ-ईस्‍ट दिल्‍ली, ईस्‍ट दिल्‍ली में बारिश होगी। इसके अलावा एनसीआर में गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिंडन एयरफोर्स स्‍टेशन, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, महेंद्रगढ़ सोहना वगैरह में भी बारिश होने वाली है। मौसम विभाग ने हफ्ते भर के लिए दिल्‍ली के मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। आज और कल गरज के साथ हल्‍की बारिश का अनुमान है। 15 और 16 जुलाई को आसमान साफ रह सकता है। 17 जुलाई से फिर बारिश शुरू हो जाएगी।

Exit mobile version