Site icon Samagra Bharat News website

हंगामें के साथ शुरू हुआ संसद के मानसून सत्र, राज्यसभा स्थगित, पेगासस जासूसी प्रकरण पर विपक्ष का सदन में जमकर हंगामा

Opposition uproar continues in both the houses, the speaker instructed to follow the parliamentary decorum

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 26 जुलाई । संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा में कार्यवाही की शुरुआत से पहले सोमवार को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल युद्ध में शहीद वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके तुरंत बाद राज्यसभा में आज फिर से विपक्ष ने पेगासस मुद्दा उठाया और सदन तुरंत एक घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी। संसद के मानसून सत्र की शुरुआत ही हंगामे के साथ हुई और उसके बाद से कार्यवाही बाधित ही रही है। इसके मद्देनजर आज की कार्यवाही पर सबकी निगाहें हैं। दरअसल पिछले हफ्ते पेगासस जासूसी कांड और कृषि कानून विरोधी आंदोलन सहित अन्य मुद्दों को लेकर विपक्षी हंगामे के कारण संसद चल नही सकी। केवल राज्यसभा में सिर्फ एक दिन कुछ घंटों के लिए बहस हुई। बता दें कि संसद का मानसून सत्र 19 जुलाई से शुरू हुआ है और 13 अगस्त को समाप्त होगा।
बता दें कि कारगिल युद्ध में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद राज्यसभा में विपक्ष ने पेगासस मुद्दे पर हंगामा शुरू कर दिया जिसके कारण सदन एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई।

कृषि कानूनों को लेकर विरोध जताते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘केंद्र सरकार को नए कृषि क़ानूनों को वापस लेना पड़ेगा। ये क़ानून 2-3 बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। ये किसानों के फायदे के लिए नहीं हैं। ये काले क़ानून हैं। मैं किसानों के संदेश को संसद तक लेकर आया हूं।’

DMK सांसद तिरुची शिवा (Tiruchi Siva) ने पेगासस जासूसी मामले पर चर्चा की मांग के साथ कार्यवाही निरस्त करने के प्रस्ताव का नोटिस दिया है।

बता दें कि संसद की कार्यवाही में शेष 14 दिनों में कई मुद्दों पर चर्चा का लक्ष्य है। इस सप्ताह फैक्टरिंग रेगुलेशन बिल और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट बिलों पर लोकसभा की मंजूरी की जरूरत है जो पिछले सप्ताह पेगासस जासूसी प्रकरण, ईंधन की कीमतों में वृद्धि और कृषि कानूनों पर हंगामे के कारण पारित नहीं हो सका।

Exit mobile version