Site icon Samagra Bharat News website

जम्मू-कश्मीर में बादल फटने से मची तबाही, 6 की मौत 4 शव मिले, 30-40 लोग लापता

समग्र समाचार सेवा
किश्तवाड़, 28जुलाई। जम्मू-कश्मीर के जिला किश्तवाड़ की डच्चन तहसील के दूरदराज गांव हंजंर में बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अभी प्राप्त हुई ताजा जानकारी के अनुसार बचाव दल ने मलवे में दबे 6 शव बरामद किए हैं जबकि 12 घायल लोगों को बचा लिया है। अभी भी गांव के 20 लोग लापता हैं। सेना, एसडीआरएफ की अतिरिक्त टुकड़ियों को बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ ही घंटों में यह अतिरिक्त जवान घटनास्थल पर पहुंच जाएंगे।

वहीं केंद्र सरकार भी इस पूरे घटना क्रम पर नजर बनाए रखे हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देश वासियों को किश्तवाड़ और कारगिल में बादल फटने के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी अपने ट्वीटर हैंडल के जरिए देते हुए कहा कि किश्तवाड़ और कारगिल में बादल फटने के मद्देनजर केंद्र सरकार स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किश्तवाड़ जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि राहत अभियान में कोई कमी ना रखी जाए।

वहीं यह दुखद समाचार मिलते ही गृहमंत्री अमित शाह ने भी बचाव कार्य से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा व डीजीपी दिलबाग सिंह से संपर्क किया। उन्हें बताया गया कि एसडीआरएफ, सेना, पुलिस व स्थानीय लोगों का संयुक्त दल बचाव कार्य में जुटा हुआ है। जल्द ही जम्मू व श्रीनगर से एनडीआरएफ की टीमें भी हैलीकाप्टर द्वारा मौके पर पहुंच जाएंगी।

आपको बता दें कि पिछले 12 घंटों के भीतर किश्तवाड़ में 3 जगह बादल फटा है। 2 बादल किश्तवाड़ के गुलाबगढ़ चशौती में गत मंगलवार शाम को फटे। हालांकि इसमें किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है परंतु नालों में आए तेज उफान की वजह से चार पुल बह गए कुछ मकानों को क्षति पहुंची है। इसके बाद आज सुबह 4.30 बजे दूसरा बादल किश्तवाड़ में डच्चन इलाके के हंजंर इलाके में फटा, जिसकी चपेट में आने से जान व माल का काफी नुकसान हुआ है। 6 घर, एक राशन की दुकान मिट्टी में दफन हो गए। जबकि कियार में स्थित एक पुल बाढ़ की चपेट में आने से ध्वस्त हो गया।

किश्तवाड़ के जिला विकास आयुक्त ने कहा कि दूरदराज के लैम्बार्ड इलाके में रात में दो और बादल फटे लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. बुनियादी ढांचों को कुछ नुकसान हुआ है। लगातार बारिश को देखते हुए पाडर इलाके से 60 परिवारों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। वहां उनको खतरा हो सकता था।

 

 

Exit mobile version