Site icon Samagra Bharat News website

पर्यटकों को मिलेगी बड़ी राहत, नैनीताल में बनेगी देश में पहली ग्रीन पार्किंग

समग्र समाचार सेवा
नैनीताल, 31 जुलाई। वर्षों से पार्किंग की समस्या का सामना कर रहे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पर्यटक स्थल नैनीताल में पार्किंग के लिए नारायण नगर में नया पार्किंग स्थल तैयार किया जा रहा है। बता दें कि नारायण नगर में बनने वाली यह पार्किंग देश की पहली ग्रीन पार्किंग होगी, जहां हल्के ढलान वाली पार्किंग में चारों ओर हरियाली ही हरियाली होगी। साथ ही यहां वाहन चालकों को भी तमाम सुविधाएं दी जाएंगी।
बता दें कि कोरोना महामारी से पहले नैनीताल में अप्रैल से जून तक सैलानियों का जमावड़ा लगता था लेकिन हाल के वर्षों में यहां साल भर का पर्यटक सीजन चलने लगा है। गर्मियों में यहां इस कदर सैलानी उमड़ते हैं कि काठगोदाम से लेकर नैनीताल और भीमताल रोड में सैलानियों को पहले जाम से जूझना होता है और उसके बाद नैनीताल आने वाले सैलानियों को पार्किंग के लिए परेशान होना पड़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि यहां मौजूद डीएसए व मैट्रोपोल समेत सभी छोटे पार्किंग स्थल वाहनों से फुल हो जाते हैं। इसी को देखते हुए ही जिला प्रशासन ने शहर से बाहर पाइंस, रूसी बाईपास और नारायण नगर में अस्थायी पार्किंग बनाए हैं।

शहर के विभिन्न संगठन और पर्यटन कारोबारी कई साल से सरकार से नैनीताल में स्थायी पार्किंग की मांग कर रहे थे। इसे देखते हुए नैनीताल के विधायक संजीव आर्य की पहल पर वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नैनीताल से करीब पांच किमी दूर नारायण नगर में मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाने की घोषणा की थी। इससे पहले कि इस पर काम शुरू होता वन अधिनियम आड़े आ गया। विधायक संजीव के प्रयासों के बाद किसी तरह मामला सुलटा और कुमाऊं मंडल विकास निगम को कार्यदायी संस्था बनाते हुए पार्किंग निर्माण का काम शुरू कराया जा चुका है।
कार्यदायी संस्था कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक नरेंद्र भंडारी ने बताया कि पार्किंग के लिए शासन से दो करोड़ बीस लाख रुपये में से एक करोड़ साठ लाख रुपये अवमुक्त हो गए हैं।

Exit mobile version