Site icon Samagra Bharat News website

देश में पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के 38,628 नए मरीज, 617 लोगों की हुई मौतें

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 7 अगस्त। भारत में कोरोना महामारी के सामने आ रहे मामलों के बीच डेल्‍टा के नए वारियंट के खतरे के बीच आज शनिवार को एक दिन में कोविड-19 के 38,628 नए मामले सामने आए हैं। इससे कोविड-19 संक्रमण के मामलों की कुल संख्या 3,18,95,385 पर पहुंच गई है, जबकि 617 और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 4,27,371 हो गई। देश में चार अगस्त तक कोविड के डेल्टा प्लस वारियंट के 83 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि कल शु्क्रवार को महाराष्‍ट्र के नासिक में 30 लोगों में डेल्‍टा से संक्रमित होने की खबर सामने आई थी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 4,12,153 हो गई, जो संक्रमण के कुल मामलों का 1.29 प्रतिशत है. कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 97.37 प्रतिशत है।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या में 2,006 मामलों की गिरावट दर्ज की गई. शुक्रवार को संक्रमण का पता लगाने के लिए 17,50,081 नमूनों की जांच की गई, जिससे अभी तक जांचे गए नमूनों की संख्या 47,83,16,964 पहुंच गई है. दैनिक संक्रमण दर 2.21 प्रतिशत दर्ज की गई. यह पिछले 12 दिनों से तीन प्रतिशत से कम रही है. साप्ताहिक संक्रमण दर 2.39 प्रतिशत है।

आंकड़ों के मुताबिक, इस महामारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,10,55,861 हो गई है, जबकि मृत्यु दर 1.34 प्रतिशत है. देशव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 50.10 करोड़ खुराक लगायी जा चुकी हैं.

सरकार ने शुक्रवार को लोकसभा को बताया कि देश में 4 अगस्त तक कोविड के डेल्टा प्लस स्वरूप के 83 मामले सामने आए. स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती पवार ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी. सबसे अधिक महाराष्ट्र में 33, मध्य प्रदेश में 11 और तमिलनाडु में 10 मामले दर्ज किए गए हैं. मंत्री ने बताया कि वायरस के ‘जिनोमिकट डेटा’ का विश्लेषण लगातार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राज्यों को नियमित रूप से इसका परामर्श भेजा जाता है कि वे जिनोमी सिक्वेंसिंग के लिए नमूने भेजें. वहीं, महाराष्‍ट्र के नासिक में डेल्‍टा प्‍लस वारियंट के 30 मामले सामने आए हैं।

Exit mobile version