Site icon Samagra Bharat News website

वाहन चलाते समय फोन पर बात करने वालों पर होगी कड़ी कार्यवाही

समग्र समाचार सेवा
देहरादून, 12अगस्त। आरटीओ अब उन पर कार्रवाई करने की तैयारी में है जो वाहन चलाते समय फोन पर बात करते हैं। साथ ही उन परिजनों पर भी कार्रवाई की जाएगी जो अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाते के लिए थमा देते हैं। अगर दो पहिया और चौपहिया वाहन चलाते समय पकड़े गए तो उनका मोबाइल जब्त कर लिया जाएगा।
आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने बताया कि परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की मदद से बुधवार से 12 दिन का विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गाड़ी चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जांच अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग के साथ ही प्रदूषण के कागजातों की भी जांच की जाएगी।
आरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी ने बताया कि विशेष जांच अभियान के दौरान अगर कोई नाबालिग बगैर ड्राइविंग लाइसेंस के दो पहिया या चार पहिया वाहन चलाते पकड़ा गया तो परिजनों से न सिर्फ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 25 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा, वरन एक साल के लिए गाड़ी का परमिट भी निलंबित कर दिया जाएगा। साथ ही नाबालिग को 25 वर्ष की उम्र होने तक ड्राइविंग लाइसेंस भी जारी नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version