Site icon Samagra Bharat News website

चार राष्ट्रों के राजदूतों ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राष्ट्रपति को परिचय पत्र प्रस्तुत किए

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 19अगस्त। राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद ने 18 अगस्त को एक वर्चुअल समारोह में होली सी, नाइजीरिया, ऑस्ट्रिया और कोरिया गणराज्य के राजदूतों से परिचय पत्र स्वीकार किए। अपना परिचय पत्र प्रस्तुत करने वाले राजदूत निम्न हैं :

1. महामहिम आर्चविशप लियोपोल्डो गिरेली, होली सी के अपोस्टोलिक नुनसियो

2. महामहिम श्री अहमद सुले, नाइजीरिया संघीय गणराज्य के उच्चायुक्त

3. महामहिम श्रीमती कैथरीना वीसर, ऑस्ट्रिया गणराज्य की राजदूत

4. महामहिम श्री चांग जे-बोक, कोरिया गणराज्य के राजदूत

इस अवसर पर अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने राजदूतों को उनकी नियुक्ति पर बधाई दी और उन्हें भारत में एक सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत के इन सभी चार देशों के साथ घनिष्ठ संबंध हैं और भारत इनके साथ शांति, समृद्धि का एक समन्वित दृष्टिकोण साझा करता है।

राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य बहुपक्षीय मंचों में भारत की भागीदारी के कारण पारस्परिक रूप से लाभप्रद साझेदारी बनी है। विकासशील देशों के हितों और कम प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए, भारत एक न्यायसंगत और समान वैश्विक व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है।

राजदूतों/उच्चायुक्तों ने अपने नेतृत्व की ओर से माननीय राष्ट्रपति को शुभकामनाएं दीं और भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए अपने देश के राजनीतिक प्रमुखों की प्रतिबद्धता को दोहराया।

Exit mobile version