Site icon Samagra Bharat News website

कांग्रेस में हर तरफ आपसी कलह, राहुल गांधी ने बघेल और सिंहदेव के साथ बैठक कर सुलह कराने के लिए की कोशिश

समग्र समाचार सेवा
रायपुर, 24अगस्त। पंजाब का कलह अभी तक पूरी तरह समाप्त हुआ नहीं कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अंदर ही गुटबाजी और आपसी कलह की बातें सामने आ रही है। इसी गुटबाजी को खत्म करने के लिए पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव के साथ बैठक की।
कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि बघेल और सिंहदेव मंगलवार को सुबह राहुल गांधी के आवास 12 तुगलक लेन पहुंचे। इस बैठक के दौरान कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के छत्तीसगढ़ मामलों के प्रभारी पीएल पूनिया भी मौजूद थे। कांग्रेस आलाकमान ने भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री पद से हटाने का कोई संकेत नहीं दिया है। बैठक खत्म होने के बाद तीनों नेताओं ने बयान भी दिया।

प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सीएम बदलने पर कोई बात नही हुई। वहीं प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने सरकार के कामकाज पर चर्चा होने की बात कही है जबकि स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहददेव ने अपने बयान में कहा कि कांग्रेस एक परिवार है,जिसके मुखिया सोनिया गांधी-राहुल गांधी है।

कलह का कारण
सिंहदेव के मुताबिक ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री को लेकर सहमति बनी थी और ऐसे में अब सिंहदेव को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए, हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने बघेल को मुख्यमंत्री पद से हटाने का कोई संकेत नहीं दिया है।
पिछले दिनों बघेल गुट और सिंहदेव गुट के बीच मतभेद उस वक्त और बढ़ गये जब कांग्रेस विधायक बृहस्पति सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव पर आरोप लगाया था कि वह उनकी हत्या करवाकर मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं. बृहस्पति सिंह को मुख्यमंत्री बघेल का करीबी माना जाता है।

Exit mobile version