Site icon Samagra Bharat News website

बंगाल में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए कब कहां डाले जाएंगे वोट

The Election Commission of India has today announced the dates for the by-elections for three seats in West Bengal and one in Odisha.

समग्र समाचार सेवा
कोलकत्ता, 4 सितंबर। भारतीय निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन और ओडिशा की एक सीट लिए उपचुनाव की तारीखों की घोषणा आज कर दी है। चुनाव आयोग के इस घोषणा के बाद बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और उसकी मुखिया ममता बनर्जी को बड़ी राहत मिली है। टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट की कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा अब टल गया है। कोलकाता की भवानीपुर विधानसभा सीट पर 30 सितंबर को उपचुनाव होंगे। ममता बनर्जी इसी सीट से चुनाव लड़ने वाली हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक 30 सितंबर को पश्चिम बंगाल के भवानीपुर के साथ ही समसेरगंज और जंगीरपुर और पिपली (ओडिशा) में भी उपचुनाव होंगे. उपचुनाव के वोटों की गिनती 3 अक्टूबर को होगी। 13 सितंबर को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारिख होगी और वहीं कैंडिडेट 16 सितंबर से पहले तक अपना नाम वापस ले सकते हैं।

चुनाव आयोग ने कहा कि संवैधानिक आवश्यकता और पश्चिम बंगाल राज्य के विशेष अनुरोध पर विचार करते हुए भवानीपुर (ममता बनर्जी की परंपरागत सीट) के लिए उपचुनाव कराने का निर्णय लिया गया है। आयोग द्वारा कोरोना से बचाव के लिए अत्यधिक सावधानी के रूप में बहुत सख्त मानदंड बनाए गए हैं।

बता दें कि बंगाल में सात सीटों पर उपचुनाव होने हैं, वे हैं- मुर्शिदाबाद में जंगीपुर और समसेरगंज, 24 दक्षिण परगना में गोसाबा, दक्षिण मेदनीपुर में खरगपुर, नादिया में शांतिपुर, कूचबिहार में दिनहाटा और भवानीपुर. लेकिन निर्वाचन आयोग ने फिलहाल तीन सीटों पर ही चुनाव की तारीखाों का ऐलान किया है।

Exit mobile version