Site icon Samagra Bharat News website

इंडियन आर्मी के जवान ने पत्‍नी समेत तीन महिलाओं पर चलाई गोली, नशे में धुत जवान को पुलिस ने किया गिरफ्तार

In Bihar, there was a stir in West Champaran district when an Army jawan who was on leave opened fire on three women including his wife.

समग्र समाचार सेवा
पटना, 6 सितंबर। बिहार में पश्चिमी चंपारण जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब छुट्टी पर पहुंचे एक आर्मी के जवान ने अपनी पत्नी समेत तीन महिलाओं पर गोलियां चला दी। आरोपी नरेश शाह दिल्ली छावनी में तैनात था और छुट्टी पर वह बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले में अपने गांव बड़वत आया था। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी जवान को अरेस्‍ट कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक जिस वक्त इंडियन आर्मी के जवान नरेश शाह ने गोलियां चलाई उस वक्त वह नशे में धुत था।
शिकायतकर्ता और आरोपी की घायल पत्नी अनीता शाह ने कहा, “मेरे पति नशे की हालत में थे। उन्होंने सुबह मेरे साथ मारपीट की। मैं घर से भागकर गांव की ही महिलाओं के पीछे छिप गई तब मेरे पति डबल बैरल राइफल लेकर मेरी ओर भागे। उन्होंने महिलाओं को धमकी दी कि मुझसे सब दूर हट जाए, लेकिन महिलाएं मेरी जान बचाने के लिए दूर नहीं हटी। जिसके बाद नरेश ने उन पर भी गोलियां चला दीं।”

अनीता के दोनों पैरों में दो गोलियां लगी हैं। इसके अलावा, एक महिला की पहचान पलमती देवी और एक लड़की की पहचान काजल कुमारी के रूप में हुई है, जिनके पैरों में भी गोलियां लगी हैं। घटना के बाद मुफस्सिल थाने के पुलिस अधिकारी बड़वत गांव पहुंचे और तुरंत आरोपी को दबोच लिया।
पश्चिम चंपारण जिले के पुलिस (एसपी) अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि “हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अपराध में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है. आरोपी नशे की हालत में था. हमने उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा है. उस पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।”

Exit mobile version