Site icon Samagra Bharat News website

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पवन जैन ने पुलिस महानिदेशक नें संभाला होमगार्ड का पद भार

समग्र समाचार सेवा
भोपाल,7 सितम्बर। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री पवन कुमार जैन ने आज पुलिस महानिदेशक होमगार्ड एवं आपदा प्रबंधन का पद भार गृहण कर लिया।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा 1987 बैच के वरिष्ठ आई.पी.एस. अधिकारी श्री पवन जैन को पुलिस महानिदेशक होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस के पद पर पदस्थ किया गया है। इससे पूर्व वे संचालक खेल और युवा कल्याण के पद पर कार्यरत थे।
नवागत पुलिस महानिदेशक होमगार्ड श्री पवन जैन ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों से परिचय प्राप्त कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की ।

राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित
खिलाड़ी, खेल प्रेमी और साहित्यिक अभिरूचि रखने वाले श्री पवन कुमार जैन अपनी मातृभूमि चंबल क्षेत्र में सेवा कार्यों से जुडे हैं। उन्होंने अनेक विशाल निःशुल्क चिकित्सा शिविरों के माध्यम से देश के प्रख्यात चिकित्सकों द्वारा मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 50 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों के नेत्र एवं दंत तथा पोलियो आपरेशन कराकर लाभ पहुंचाया हैं। श्री जैन को समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए 1997 में टी.पी. झुनझुनवाला समाजसेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2003 में श्री पवन जैन को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2013 में विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा चुका है।
भारतीय पुलिस सेवा वर्ष 1987 बैच के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी श्री पवन कुमार जैन सिविल सेवा परीक्षा 1986 में भौतिक शास्त्र जैसे विशुद्ध विज्ञान विषय को हिन्दी माध्यम में लिखकर चयनित होने वाले भारतीय पुलिस सेवा के पहले अधिकारी हैं।

सम्हाल चुके हैं महत्वपूर्ण पदों का दायित्व

महानिदेशक होमगार्ड श्री पवन जैन इससे पूर्व खेल संचालक एवं विशेष पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत रहे। श्री जैन विशेष पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण), उप पुलिस महानिरीक्षक, विशेष सशस्त्र बल एवं अपराध अनुसंधान विभाग, अतिरिक्त सचिव मुख्यमंत्री सचिवालय तथा आयुक्त, संस्कृति एवं राजभाषा एवं न्यासी सचिव भारत भवन भोपाल में भी पदस्थ रहे हैं। उन्होंने पुलिस महानिरीक्षक एवं प्रबंध संचालक, मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग कार्पोरेशन भोपाल, पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन उज्जैन, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक योजना तथा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त के पद पर रहकर अपने दायित्वों का संजीदगी और कुशलता के साथ निर्वहन किया है। आप विदिशा, सरगुजा, खरगौन, मुरैना तथा सीहोर जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में सफलता पूर्वक अपने दायित्वों का बखूबी निर्वहन कर चुके हैं।

Exit mobile version