Site icon Samagra Bharat News website

असदुद्दीन ओवैसी को बाराबंकी में जनसभा करने की नही मिली अनुमति, बस कार्यकर्ताओं से कर पाएंगे मुलाकात

The district administration addressed the public meeting of All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen chief Asaduddin Owaisi, who was on a tour

समग्र समाचार सेवा
बाराबंकी, 9सितंबर। उत्‍तर प्रदेश के दौरे पर आए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की आज बृहस्पतिवार को बाराबंकी में होने वाली उनकी जनसभा को जिला प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ओवैसी अब केवल पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपने पदाधिकारी के घर पर मिल सकेंगे।

एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने मंगलवार को अयोध्या से अपने अभियान की शुरूआत की थी और गुरुवार को बाराबंकी में एक सभा को संबोधित करने वाले थे. बाराबंकी जिला प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी की बैठक को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ओवैसी वर्तमान में यूपी के दौरे पर हैं, राज्य विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
उपजिलाधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि एआईएमआईएम प्रमुख असुद्दीन ओवैसी की बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे बाराबंकी कटरा मोहल्ला इमामबाड़ा में जनसभा प्रस्तावित थी, लेकिन जिला प्रशासन ने इस जनसभा की अनुमति नहीं दी है।

एआईएमआईएम के जिला प्रभारी सज्जाद हुसैन ने बताया कि जिले के कटरा इमामबाड़ा में सभा की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से उसको निरस्त कर दिया है. उन्होंने कहा कि अब कार्यक्रम की अनुमति सुबह 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक जिलाध्यक्ष चौधरी फजरूर रहमान के आवास कटरा बारादरी बाराबंकी में होगी। इस दौरान ओवैसी केवल पार्टी के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से ही मिल सकेंगे. हुसैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में मात्र 50 लोगों को ही शामिल होने की अनुमति दी गई है, जिसमें कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा।

बता दें उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर ओवैसी प्रदेश की तीन दिन की यात्रा पर मंगलवार को लखनऊ पहुंचे थे. मंगलवार को उन्होंने लखनऊ में पत्रकार वार्ता के बाद अयोध्या के रूदौली कस्बे में जनसभा आयोजित कर अपने अभियान की शुरूआत की थी. वहीं, बुधवार को ओवैसी की सुल्तानपुर जिले में चुनावी सभा हुई और बृहस्पतिवार को उन्हें बाराबंकी में जनसभा को संबोधित करना था.

Exit mobile version