समग्र समाचार सेवा
रायपुर, 19अक्टूबर। बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए जगदलपुर के तीन दिवसीय प्रवास पर पहुंची राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने आज चित्रकोट विश्राम भवन में लोहण्डीगुड़ा क्षेत्र के ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और समूह की महिलाओं से भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ग्रामीणों एवं स्व सहायता समूह की महिलाओं ने अपनी मांगों के संबंध में राज्यपाल को आवेदन भी प्रस्तुत किया। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग बस्तर के अध्यक्ष एवं उनके साथियों द्वारा बस्तर जिले में बेरोजगार आदिवासी युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने हेतु बैंक से ऋण स्वीकृत कराए जाने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। राष्ट्र सेविका समिति और एकल विद्यालय की महिला समिति ने अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस अवसर पर राज्यपाल ने उपस्थित सदस्यों को उनकी मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र निराकरण करने का भरोसा दिलाया।
