Site icon Samagra Bharat News website

सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- सपा सरकार में हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज होते थे

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath said that in the SP government, false cases were registered against Hindus, Ram devotees

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 22अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि सपा सरकार में हिंदुओं पर झूठे मुकदमे दर्ज होते थे, राम भक्तों पर गोली चलवाई जाती थी तथा आतंकवादियों की आरती उतारी जाती थी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पिछड़ा मोर्चा द्वारा आज यहां आयोजित ‘सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन’ में चौहान समाज के लोगों को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ‘हमारी सरकार बनी तो सबसे पहला काम किसानों की कर्जमाफी का हुआ लेकिन 2012 में सपा की सरकार का सबसे पहला निर्णय आतंकवादियों से मुकदमा वापस लेने का था।’

उन्होंने कहा, ‘जब सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकार होती है तो उनको अपने परिवार से फुर्सत नहीं होती, वे आतंकवादियों के लिए काम करते हैं जो सपा की सरकार ने 2012 में करके दिखाया था. आतंकवाद की जड़ 1952 में कांग्रेस ने धारा 370 के रूप में जम्मू कश्मीर में रोपी थी।’ योगी ने कहा कि सपा की सरकार में मध्यकाल की याद ताजा हो गई थी जब मंदिरों और मठों पर हमले होते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ता थानों, तहसीलों में लूट मचाते थे और थाने, तहसील बिक चुके थे।

राज्य में अगले वर्ष की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के पक्ष में लोगों को जागरूक करने की अपील करते हुए योगी ने कहा, ‘गांव-गांव में जाकर अलख जगाने की आवश्यकता है कि भाजपा की सरकार क्यों जरूरी है. भाजपा की सरकार रहेगी तो प्रदेश में कोई दंगा करने का दुस्साहस नहीं कर पाएगा, कोई माफिया जमीन पर कब्जा नहीं कर पाएगा और अगर करेगा तो उसकी छाती पर प्रदेश सरकार का बुल्‍डोजर चलता दिखाई देगा।’

Exit mobile version