Site icon Samagra Bharat News website

बिहार में महागठबंधन में आई दरार: आरजेडी से अलग हुई कांग्रेस की राह, 2024 में सभी 40 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेस

The by-elections have now parted ways for the two big parties of the Grand Alliance, RJD and Congress. Congress's Bihar in-charge

समग्र समाचार सेवा
पटना, 22अक्टूबर। उपचुनाव ने महागठबंधन के दो बड़े दलों राजद और कांग्रेस की राहें अब अलग हो चुकी है। कांग्रेस के बिहार प्रभारी भक्तचरण दास ने शुक्रवार को ऐलान कर दिया कि भविष्य में भी अब राजद के साथ गठबंधन नहीं रहेगा। लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस की राह राजद से अलग होगी। भक्‍त चरण दास ने पटना पहुंचने पर कहा कि आरजेडी से कांग्रेस को कोई गठबंधन नहीं है। बता दें कि भले हीं इस टूट की आशंका पहले से थी, लेकिन कयास यह भी लगाया जा रहा था कि हाइ लेवल पर मामला सुलझ जाएगा। ऐसे में यह कांग्रेस आलाकमान सोनिया गांधी का आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को बड़ा झटका माना जा रहा है।

दिल्ली से पटना पहुंचे कांग्रेस के नेता दास ने महागठबंधन टूटने का आरोप सीधे तौर पर राजद पर लगाते हुए कहा कि अपनी सीट पर लड़ना राजनीतिक आवश्यकता है और हम लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज हम 2 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं. कांग्रेस आगे अपने आप की ताकत पर खड़ी होगी और आने वाले लोकसभा चुनाव में अपने बूते बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी।
भाजपा और जदयू के नेताओं द्वारा राजद, कांग्रेस में नूराकुश्ती होने के संबंध में पूछे जाने पर दास ने कहा कि कांग्रेस पूरे दमखम के साथ चुनावी मैदान में है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजबूती के साथ तारापुर और कुशेश्वरस्थान में चुनाव लड़ रही है. कांग्रेस के सभी नेता चुनाव प्रचार में लगे हैं और आगे और नेता पहुंच रहे हैं।
उन्होंने दावा करते हुए कहा कि फिलहाल हम बराबरी पर हैं और आगे हम और आगे बढेंगे. उन्होंने दोनों सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि राजद और राजग दोनों को लोग देख चुके हैं. केंद्र की राजग सरकार और यहां की सरकार को भी जनता देख रही है. उल्लेखनीय है कि बिहार के कुशेश्वरस्थान और तारापुर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में राजद और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं जबकि राजग की ओर से जदयू के कोटे में यह सीट गई है।

Exit mobile version