Site icon Samagra Bharat News website

दर्दनाक हादसा: यूपी के जौनपुर में ढ़हा दो मंजिला मकान, एक परिवार के पांच लोगों की दबकर मौत

समग्र समाचार सेवा
जौनपुर, 22अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आज एक दर्दनाक हादसा हो गया जिसमें एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक शहर कोतवाली के बाड़ी मस्जिद के पास मोहल्ला रोजा अर्जन में करीब साढ़े 11 बजे दो मंजिला कच्चा मकान ढह गया और इसके मलबे में दबकर पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं पांच लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका जिला अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक जब मकान ढ़हा तब आधा दर्जन लोग मलबे में दब गए। रात करीब एक बजे पांच लोगों की मौत हो गई। जबकि पांच लोगों के घायल होने की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों ने दी है। हालांकि, इसके बाद भी मलबे में तलाश की जा रही है। घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

देर रात लगभग 11 बजे परिवार के कुछ सदस्य सो रहे थे तो वहीं कुछ लोग बैठकर बातें कर रहे थे कि इसी दौरान पूरा मकान भरभरा कर गिर गया। स्थानीय लोगों व जिला प्रशासन ने दबे लोगों को निकाल कर घायलावस्था में जिला अस्पताल पहुंचाया।

जहां चिकित्सकों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा व पुलिस अधीक्षक अजय कुमार साहनी मौके पर पहुंचे।

हादसा होने के बाद जानकारी होते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सीएमएस अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि घटना में कुल 10 लोग घायल हुए थे। जिनमें 5 लोगों की मौत हो चुकी है, घायलों की हालत गंभीर है।

Exit mobile version