Site icon Samagra Bharat News website

चेतन बरागटा का समर्थन करने पर बीजेपी ने 11 पदाधिकारियों को पार्टी से छह साल के लिए किया निष्कासित

In Himachal Pradesh's Jubbal-Kotkhai assembly constituency, BJP's action is going on against those who supported independent

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 26अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा का समर्थन करने वालों पर भाजपा की कार्रवाई जारी है। भाजपा जिला महासू के अध्यक्ष अजय श्याम ने जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करने पर 11 पदाधिकारियों को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। पार्टी ने मंडल उपाध्यक्ष महावीर झगटा, जिला उपाध्यक्ष इंद्र चौहान, मंडल उपाध्यक्ष सुरेंद्र धौलटा के अलावा कार्यसमिति सदस्य कृष्ण चंद मांटा, वीरेंद्र चौहान, नरेंद्र चौहान, अशोक चौहान, निक्कम सिंह बालटू, बलवीर ठाकुर, श्याम शर्मा और मोहिंद्र झगटा को निष्कासित किया है। इस संबंध में मंगलवार सुबह पार्टी की ओर से निष्कासन आदेश जारी किए गए हैं। इससे पहले भाजपा, युवा मोर्चा और महिला मोर्चा पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई का चाबुक चला था।

सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा और भाजयुमो के जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्षों समेत 15 और पदाधिकारियों को छह-छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। निष्कासित होने वालों में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष जतिन चौहान, जिला उपाध्यक्ष महासू अजय बिष्ट, जिला सचिव रिंकू परवीन चौहान, जिला प्रवक्ता वेद शर्मा, सह प्रवक्ता राजेश छिंजवान, मंडल महामंत्री चेतन कडैइक और काकू के अलावा मंडल कोषाध्यक्ष हितेष खागटा शामिल हैं। वहीं, जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष नैना तनेटा, मंडल उपाध्यक्ष पिंकी कोटवी, महामंत्री रजनी सलाकटा, महासू जिला उपाध्यक्ष विजेता खिमटा, महासू जिला सचिव पूनम मोखटा, विशेष आमंत्रित सदस्य रूबजा नेपटा और मीनाक्षी मानटा को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इन पर यह कार्रवाई भाजपा प्रत्याशी नीलम सरैईक के खिलाफ प्रचार करने पर की गई थी। कुछ दिन पहले ही भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पार्टी के 13 नेताओं को छह साल के लिए निष्कासित करने के आदेश जारी किए थे।

Exit mobile version