Site icon Samagra Bharat News website

अखिलेश यादव ने आजमगढ़ में बांटे लैपटॉप, बीजेपी पर कसा तंज

Samajwadi Party President Akhilesh Yadav attacked the ruling Bharatiya Janata Party and said that in the coming assembly elections, BJP's

समग्र समाचार सेवा
आजमगढ़, 29अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का उत्तर प्रदेश से सफाया हो जाएगा। सपा प्रमुख ने अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र आजमगढ़ के दुर्गाजी इंटर कॉलेज में मेधावी छात्रों को लैपटॉप वितरित करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘आजमगढ़ समाजवादी लोगों का गढ़ है और इस बार ऐसा कुछ होगा जिसकी भाजपा ने कल्पना भी नहीं की होगी. भारतीय जनता पार्टी का सफाया होगा क्योंकि इन लोगों ने आपकी नौकरी का सफाया किया है।’’

समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन कर लड़ने का औपचारिक ऐलान किया था. सुभासपा के 19वें स्थापना दिवस के मौके पर यहां आयोजित ‘वंचित, पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक भागीदारी महापंचायत’ में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी द्वारा दिए गए ‘खेला होबे’ के नारे की तर्ज पर उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में ‘खदेड़ा होवे’ का नारा दिया।

आजमगढ़ में किसानों से मुखातिब होते हुए अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘किसान भाइयों बताओ आप भाजपा का सफाया करोगे कि नहीं, आपकी फसल चौपट हो गई, नौकरी/रोजगार हैं नहीं, नौजवान क्या सपने देखें, जब तक नौजवान सपने नहीं देखेगा तब तक देश तरक्की नहीं कर सकता है.’’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उत्तर प्रदेश को समस्‍याओं का प्रदेश बना दिया ।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने अपनी सरकार में नई पीढ़ी को लैपटॉप दिया. मैंने कहा था कि जब कोई नया सपना देखोगे तो यह लैपटॉप मदद करेगा। किसी भी गांव में चले जाओगे तो कोई न कोई बच्चा जरूर मिल जाएगा जिसके पास हमारा दिया लैपटॉप होगा और उसे ऑन करोगे तो आज भी नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और हम ही लोग नजर आएंगे।’’

सीएम योगी आदित्‍यनाथ पर तंज कसते हुए उन्‍होंने कहा कि भाजपा ने संकल्‍प पत्र में जो लिखा था कि लैपटॉप देंगे लेकिन बच्‍चों को ढूंढने से नहीं मिला। आज अखबार उठाकर देखा तो पता चला कि टैबलेट आ रही है कोई। उन्‍होंने कहा कि मुख्‍यमंत्री जी को पहले बताना चाहिए कि साढ़े चार साल इन बच्‍चों को कौन सी टैबलेट देते रहे।

Exit mobile version