Site icon Samagra Bharat News website

टी20 वर्ल्ड कप के बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम ने खोए दो दिग्गज क्रिकेटर्स 

Australia cricket team is currently playing in T20 World Cup 2021. Meanwhile, there is news of the death of two great Australian cricketers.

समग्र समाचार सेवा

सिडनी, 30अक्टूबर। ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम अभी टी20 वर्ल्ड कप 2021 में खेल रही है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के दो महान क्रिकेटरों के निधन की खबर है। एक दिन के अंदर ही दोनों ने अंतिम सांस ली है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने 30 अक्टूबर को बताया कि पूर्व ऑलराउंडर एलन डेविडसन का 92 साल की उम्र में निधन हो गया, वहीं पूर्व ऑफस्पिनर 76 साल के एश्ले मेलेट भी गुजर गए, वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे।

एलन डेविडसन उपयोगी बल्लेबाज के साथ ही गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की काबिलियत रखते थे। उन्होंने 1953 से 63 के बीच 44 टेस्ट मैच खेले। पाकिस्तान के वसीम अकरम के इंटरनेशनल क्रिकेट में आने से पहले तक वे दुनिया के सबसे अच्छे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज माने जाते थे। उन्होंने 20.53 की औसत से 186 विकेट लिए, साथ ही 24.59 की औसत से 1328 रन बनाए।

डेविडसन स्लिप के अच्छे फील्डर भी थे और अपने पास से कैच जाने नहीं देते थे। इसके चलते उन्हें उनके टीम साथी कीथ मिलर ने क्लॉ (पंजा) का निकनेम दिया था। वे टीम में बैटिंग और बॉलिंग के साथ ही फील्डिंग से भी भरपूर योगदान दिया करते थे। 1960 में ऑस्ट्रेलिया और वेस्ट इंडीज के बीच हुए टाई टेस्ट में डेविडसन अंगुली टूटी होने के बाद भी खेले थे। इस मैच में उन्होंने 222 रन देकर कुल 11 विकेट लिए थे, साथ ही 124 रन भी बनाए थे। आखिरी पारी में उन्होंने 80 रन बनाए और टीम को पांच विकेट पर 52 रन के स्कोर से 232 रन तक ले गए थे। यह टेस्ट क्रिकेट में पहला मौका था जब किसी खिलाड़ी ने एक ही मैच में 10 विकेट लेने के साथ ही 100 रन बनाए हो।

वहीं एश्ले मेलेट ने 1968 में इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू किया था। उन्होंने कुल 38 टेस्ट खेले और 132 विकेट लिए थे। उन्होंने आखिरी टेस्ट 1980 में खेला था। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले ऑफ स्पिन गेंदबाजों में वह तीसरे नंबर पर हैं। उनसे ज्यादा विकेट ऑस्ट्रेलिया के नाथन लॉयन (399) और ह्यू ट्रंबल (141) में लिए थे।

मेलेट ने 1969-70 में भारत के खिलाफ बिल लॉरी की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलिया को 3-1 से जिताने में अहम रोल निभाया था। इस सीरीज में उन्होंने 19.1 की औसत से 28 विकेट लिए थे। सीरीज के आखिरी टेस्ट में उनके नाम 10 विकेट थे।

Exit mobile version