Site icon Samagra Bharat News website

हिमाचल प्रदेश: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और दो बार मंत्री रह चुके जीएस बाली का निधन

समग्र समाचार सेवा
शिमला, 30अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व वीरभद्र सिंह की सरकार में दो बार मंत्री रह चुके जीएस बाली का देहांत हो गया है। वह 67 वर्ष के थे। जीएस बाली ने नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में शुक्रवार की रात दो बजे अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे, जिनका एम्स अस्पताल में इलाज जारी था।

उनके बेटे रघुबीर बाली ने सोशल मीडिया पर पिता के स्वर्गवास होने की जानकारी दी है। रघुबीर बाली ने फेसबुक पर पोस्ट किया है कि दुखद मन से सूचित करना पड़ रहा है कि पूजनीय पिताजी जीएस बाली अब हमारे बीच नहीं रहे, बीती रात उन्होंने दिल्ली स्थित एम्स में आखिरी सांस ली। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव रघुबीर बाली ने लिखा है कि पिताजी भले ही दुनिया में नहीं है, लेकिन उनके आदर्श और मार्गदर्शन हमारे और आपके दिलों में हमेशा कायम रहेगा।

नका पार्थिव शरीर एयर एम्बुलेंस में दिल्ली से कांगड़ा उनके पैतृक स्थान लाया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के मुताबिक पार्थिव शरीर को दर्शनार्थ रखा जाएगा।

बता दें कि कांग्रेस के तेज तर्रार नेता जीएस बाली वर्ष 1995 से 1998 तक कांग्रेस सेवा दल के अध्यक्ष रहे। 1998 में पहली बार विधायक बने। इसके बाद 2003, 2007 और 2012 में लगातार चुनाव जीते। उन्होंने वीरभद्र सिंह सरकार में 6 मार्च 2003 को राज्य के परिवहन मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली थी। जनवरी 2013 में दोबारा वह परिवहन मंत्री बने। वर्ष 2017 में वह नगरोटा बंगवा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के अरुण कुमार से विधानसभा का चुनाव हार गए थे।

जीएस बाली को कांगड़ा जिला ही नहीं अपितु प्रदेश के ऐसे नेताओं में गिना जाता था जो जबरदस्त उत्साही तथा ऊर्जावान थे, उनमें कार्यकर्ताओं में भी जोश और उत्साह भरने का विशेष गुण मौजूद था।

उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने बाली के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

Exit mobile version