Site icon Samagra Bharat News website

6 नवंबर तक ED की हिरासत में भेजे गए पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख, सोमवार देर रात हुए थे गिरफ्तार

Former Maharashtra Home Minister Anil Deshmukh, arrested in a money laundering case, has been granted Enforcement Directorate (ED) custody

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 2नवंबर। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को विशेष पीएमएलए अदालत ने 6 नवंबर तक प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में भेज दिया है। अनिल देशमुख को सोमवार देर रात गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद ED ने महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री को एक विशेष अवकाशकालीन अदालत में पेश किया था।

मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत ने अनिल देशमुख की हिरासत के दौरान घर का खाना और दवाओं के लिए उनके आवेदन को ईडी को अनुमति दे दी है. अदालत ने एजेंसी द्वारा पूछताछ के दौरान देशमुख के वकील की उपस्थिति की भी अनुमति दी है।

बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने अनिल देशमुख से 12 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद सोमवार देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। धनशोधन का यह मामला महाराष्ट्र पुलिस प्रतिष्ठान में कथित वसूली गिरोह से जुड़ा है। ईडी कार्यालय में रात बिताने के बाद देशमुख को सुबह करीब सवा 10 बजे अस्पताल ले जाया गया था।
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा भ्रष्टाचार और आधिकारिक पद का दुरुपयोग करने के मामले में 21 अप्रैल को देशमुख के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ईडी ने पूर्व मंत्री और उनके साथियों के खिलाफ जांच शुरू की थी. ईडी के अनुसार, राज्य के गृह मंत्री के रूप में सेवाएं देते हुए, देशमुख ने अपने पद का कथित तौर पर दुरुपयोग किया और बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे के जरिए मुंबई में विभिन्न ‘बार’ और रेस्तरां से 4.70 करोड़ रुपये वसूले थे।
देशमुख के परिवार द्वारा नियंत्रित नागपुर स्थित एक शैक्षणिक न्यास, ‘श्री साईं शिक्षण संस्थान’ में इस पैसे का कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया. देशमुख ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लगातार खारिज करते हुए कहा कि एजेंसी का पूरा मामला एक दागी पुलिस वाले (वाजे) के दुर्भावनापूर्ण दिए बयानों पर आधारित है।

Exit mobile version