Site icon Samagra Bharat News website

भारत ने स्कॉटलैंड को आठ विकेट से हराया, नेट रन रेट में अफगानिस्तान से आगे निकला

India thrashed Scotland for 85 runs in 17.4 overs to win the match by scoring 89 for two in 6.3 overs. India net run rate with

समग्र समाचार सेवा
दुबई, 6नवंबर। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (15 रन पर तीन विकेट), लेफ्ट आर्म स्पिनर रवींद्र जडेजा (15 रन पर तीन विकेट), जसप्रीत बुमराह (10 रन पर दो विकेट) और रविचंद्रन अश्विन (28 रन पर एक विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाजों लोकेश राहुल (50) और रोहित शर्मा (30) की आतिशी पारियों से भारत ने स्कॉटलैंड को आईसीसी टी 20 विश्व कप के ग्रुप दो मुकाबले में शुक्रवार को एकतरफा अंदाज में आसानी से आठ विकेट से पीट दिया।

भारत ने स्कॉटलैंड को 17.4 ओवर में 85 रन पर ढेर करने के बाद 6.3 ओवर में दो विकेट पर 89 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली। भारत इस शानदार जीत के साथ नेट रन रेट के मामले में अफगानिस्तान से आगे निकलकर ग्रुप की तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत का नेट रन रेट प्लस 1.619 पहुंच गया है जबकि अफगानिस्तान का नेट रन रेट प्लस 1.481 है।

राहुल ने आक्रामक अंदाज में इस विश्व कप का सबसे तेज अर्द्धशतक 18 गेंदों में बनाया। राहुल ने 19 गेंदों पर छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से 50 रन बनाये जबकि रोहित ने 16 गेंदों पर 30 रन में पांच चौके और एक छक्का लगाया। सूर्यकुमार यादव ने विजयी छक्का मारा और छह रन पर नाबाद रहे। कप्तान विराट कोहली दो रन पर नाबाद रहे और आज उन्होंने अपना जन्मदिन जीत के साथ मनाया। जडेजा को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

Exit mobile version