Site icon Samagra Bharat News website

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आज देश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 से करेंगे सम्मानित

President Ram Nath Kovind will today honor the players of the country with the National Sports Award 2021

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 13नवंबर। भारत के राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद कल 13 नवंबर, 2021 को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले एक विशेष समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2021 प्रदान करेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने 2 नवंबर 2021 को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार की घोषणा की थी। राष्ट्रीय खेल पुरस्कार हर साल खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदान किए जाते हैं।

‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में खिलाड़ी द्वारा खेल के क्षेत्र में शानदार और अत्यंत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया जाता है।

‘खेल और स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार’ पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छे प्रदर्शन और नेतृत्व कौशल, खेल भावना तथा अनुशासन की भावना दिखाने के लिए दिया जाता है।

‘खेल और स्पर्धाओं के उत्कृष्ट कोचों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार’ खेल प्रशिक्षण के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट एवं मेधावी कार्य करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में सक्षम बनाने के लिए कोचों को दिया जाता है।

‘खेल और स्पर्धाओं में लाइफटाइम अचीवमेंट के लिए ध्यानचंद पुरस्कार’ उन खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जिन्होंने अपने प्रदर्शन से खेल में योगदान दिया है और सेवानिवृत्ति के बाद भी खेल को बढ़ावा देने में योगदान देना जारी रखा है।

‘राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार’ कॉरपोरेट संस्थाओं (निजी और सार्वजनिक दोनों क्षेत्रों में), खेल नियंत्रण बोर्डों, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेल निकायों समेत एनजीओ को दिया जाता है, जिन्होंने खेल के प्रचार और विकास में अहम भूमिका निभाई हो।

अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विश्वविद्यालय को मौलाना अबुल कलाम आजाद (एमएकेए) ट्रॉफी दी जाती है।

इस साल इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त हुए, जिस पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) मुकुंदकम शर्मा (उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश) की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा विचार किया गया। चयन समिति में प्रमुख खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले व्यक्ति और खेल प्रशासक आदि शामिल थे।

Exit mobile version