Samagra Bharat News website

राजस्थान फाउंडेशन की अनूठी पहल: नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में ग्लोबल प्रवासी दीपोत्सव कार्यक्रम का किया आयोजन

Unique Initiative of Rajasthan Foundation: Organizing Global Overseas Deep Festival Program at Bikaner House of New Delhi

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली , 13 नवंबर। नई दिल्ली के बीकानेर हाउस  स्थित चांदनी बाग परिसर में राजस्थान फाउंडेशन, राजस्थान पर्यटन विभाग, बीकानेर हाउस मैनेजमेंट सोसायटी और मारवाड़ी युवा मंच के संयुक्त तत्वाधान में ग्लोबल प्रवासी दीपोत्सव कार्यक्रम के साथ – साथ रंगारंग राजस्थानी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या और ग्लोबल दीपोत्सव कार्यक्रम का लाइव प्रसारण यूट्यूब सहित संबंधित विभागों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मारवाड़ी युवा मंच दुबई के अध्यक्ष श्री रविंद्र अग्रवाल के स्वागत स्पीच के साथ-साथ दुबई एक्सपो में शामिल होने गए राजस्थान फाउंडेशन के कमिश्नर श्री धीरज श्रीवास्तव के उद्बोधन भाषण से हुई। नई दिल्ली के बीकानेर हाउस परिसर में दीप प्रज्वलन प्रिंसिपल रेजिडेंट कमिश्नर श्रीमती शुभ्रा सिंह  और निदेशक, पर्यटन श्री निशांत जैन, सहायक आवासीय आयुक्त श्री मनोज सिंह  की अगुवाई में तथा दुबई से श्री धीरज श्रीवास्तव और मारवाड़ी युवा मंच के साथ-साथ दुनिया के विभिन्न हिस्सों में बसे प्रवासी राजस्थानियों की उपस्थिति में एक साथ हुआ, जिसमें दुनिया भर के प्रवासी राजस्थानियों ने एक साथ दीप जलाकर राजस्थान की धरती के साथ अपने भावनात्मक जुड़ाव का परिचय दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने प्रवासी राजस्थानीओं के नाम संदेश और दीपावली की शुभकामनाओं प्रेषित की। प्रवासी राजस्थानियों के नाम अपने संदेश में श्री गहलोत ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से प्रवासी राजस्थानियों की भावी पीढ़ियों को राजस्थान की अपनी मिट्टी से पुनः जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। श्री गहलोत ने अपने संदेश में दुनिया भर के प्रवासी राजस्थानियों को ग्लोबल दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें उम्मीद है कि राजस्थान सरकार द्वारा जनहित में चलाए जा रहे सभी कार्यक्रमों में प्रवासी राजस्थानीओं का सहयोग भरपूर मिलता रहेगा।

कार्यक्रम में दुबई से शामिल हुए  राजस्थान फाउंडेशन के आयुक्त श्री धीरज श्रीवास्तव ने  कहा कि ग्लोबल प्रवासी दीपोत्सव जैसे कार्यक्रम दुनिया भर में बसे प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने तथा सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सामाजिक सरोकार के कार्यक्रमो में भागीदार बनाने की दिशा में सार्थक कदम है।

 उन्होंने बताया कि दुबई में चल रहे दुबई एक्सपो के दौरान प्रवासी राजस्थानी राजस्थान से पुनः जुड़ने  के लिए काफी उत्साहित हैं।  इस अवसर पर कार्यक्रम दुबई से जुड़े राजस्थान के उद्योग मंत्री श्री परसादी लाल मीणा  और पर्यटन राज्य मंत्री श्री गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने संदेश में प्रवासियों को पुनः राजस्थान से जोड़ने की मुहिम में सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। श्री मीणा ने कहा सभी प्रवासी राजस्थानियों का राजस्थान सरकार खुले दिल से स्वागत करती हैं आप जिस भी क्षेत्र में निवेश करना चाहे सरकार आपका भरपूर सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सभी प्रवासी राजस्थानी अपनी मिट्टी की सांस्कृतिक संवेदनाओं को गहराइयों तक महसूस करेंगे।

इस अवसर पर नई दिल्ली के बीकानेर हाउस में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थान की मशहूर  ओपेरा सिंगर रिशिता रेवदिया, भवई नृत्यांगना अन्नया सिंघवी तथा भूंगर खान की अगुवाई में डेजर्ट सिंफोनी ग्रुप ने  मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसके साक्षी देश-दुनिया में बसे प्रवासी राजस्थानी बने। कार्यक्रम के अंत में दुबई से लाइव प्रवासी राजस्थानियों के सांस्कृतिक समूहों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दी।

Exit mobile version