Site icon Samagra Bharat News website

कोच पद से हटने के बाद रवि शास्त्री को मिली आयुक्त के रूप में जिम्मेदारी

Ravi Shastri has resigned as the head coach of Team India. Even before the T20 World Cup-2021, it had become clear that in one way

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 15 नवंबर। टीम इंडिया के हेड कोच पद से रवि शास्त्री इस्तीफा दे चुके हैं. टी20 विश्व कप-2021 से पहले ही यह स्पष्ट हो चुका था कि एक तरह विराट कोहली इस फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ेंगे, जबकि दूसरी ओर रवि शास्त्री का भारतीय टीम के साथ यह अंतिम टूर्नामेंट होगा. कोच पद छोड़ने के बाद अब रवि शास्त्री को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

संन्यास ले चुके खिलाड़ियों के लिए अगले साल जनवरी में शुरू होने वाले लीजेंड्स लीग क्रिकेट (LLC) में भारत के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री को आयुक्त के रूप में शामिल किया गया है. भारतीय टीम के पूर्व फिजियोथेरेपिस्ट एंड्रयू लीपस इससे निदेशक (खेल विज्ञान) के तौर पर जुड़े हैं. वह लीग के जुड़े खिलाड़ियों की फिटनेस का ख्याल रखेंगे.

रवि शास्त्री ने कहा, ‘‘क्रिकेट से जुड़े रहना बहुत अच्छा लगता है, खासकर खेल के उन दिग्गजों के साथ जो अपने चैम्पियन रहे हैं. यह गंभीर क्रिकेट के साथ काफी मजेदार भी होने वाला है. इन दिग्गजों को कुछ भी फिर से साबित नहीं करना है लेकिन उनकी प्रतिष्ठा दांव पर लगी होगी. मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं, यह देखना दिलचस्प होगा कि वे इसके साथ कैसे न्याय करते हैं.’’

विज्ञप्ति में हालांकि आयुक्त के तौर पर उनकी भूमिका का जिक्र नहीं है. इस 59 साल के पूर्व खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मैं लीजेंड्स लीग क्रिकेट का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं. यह एक अनूठी पहल है और हमें इसका भविष्य काफी उज्ज्वल दिख रहा हैं.’’

एलएलसी का पहला सत्र अगले साल जनवरी में खाड़ी के किसी देश में आयोजित होने वाला है. लीग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर होंगे जिसमें वे भारत, एशिया और शेष विश्व की टीमों का प्रतिनिधित्व करेंगे.

Exit mobile version