Site icon Samagra Bharat News website

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित इस विशिष्ट पहल का हिस्सा बनकर बेहद खुश और उत्साहित हूं: नीरज चोपड़ा

Neeraj's upcoming visit and interactions were announced by the Union Minister for Youth Affairs and Sports, Shri Anurag Singh Thakur

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2 दिंसबर। इस साल की शुरुआत में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए आह्वान का जवाब देते हुए, हमारे ओलंपिक और पैरालंपिक खिलाड़ी एक विशिष्ट अभियान के माध्यम से भारत के भविष्य के चैंपियन खिलाड़ियों को सशक्त बनाने के लिए स्कूली बच्चों के साथ संतुलित आहार (संतुलित आहार), फिटनेस और खेल जैसे बेहद महत्वपूर्ण विषयों पर बातचीत करेंगे। टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता और अब देश के हर घर में एक जाना-पहचाना नाम बन चुके नीरज चोपड़ा इस अभियान की शुरुआत चार दिसंबर, 2021 को अहमदाबाद के संस्कारधाम स्कूल के अपने दौरे से करेंगे और वहां पूरे गुजरात के स्कूली बच्चों के साथ बातचीत करेंगे।

नीरज की आगामी यात्रा और बातचीत की घोषणा केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने ट्विटर पर की। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हमारे ओलंपिक और पैरालंपिक खिलाड़ियों से स्कूलों का दौरा करने और ‘संतुलित आहार’, फिटनेस, खेल और अन्य के महत्व पर छात्रों के साथ बातचीत करने का आह्वान किया था। इस अभियान को शुरू करने के लिए नीरज चोपड़ा चार दिसंबर को संस्कारधाम स्कूल का दौरा करेंगे।”

अभियान के बारे में बोलते हुए, नीरज ने कहा, “मैं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित इस विशिष्ट पहल का हिस्सा बनकर बेहद खुश और उत्साहित हूं। यह पहल हमारे दैनिक जीवन में फिटनेस, बेहतर पोषण सेवन और शारीरिक गतिविधियों के बारे में अधिक जागरूकता के आधार पर एक खेल संस्कृति बनाने की दिशा में गति को तेज करेगी। खिलाड़ियों के रूप में हम युवाओं को स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने में एक बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। मैं शनिवार को संस्कारधाम स्कूल के छात्रों के साथ अपनी बातचीत के लिए उत्साहित हूं।”

शनिवार के कार्यक्रम में नीरज छात्रों के साथ ‘संतुलित आहार’ पर बातचीत करेंगे, जो संतुलित आहार, पोषण, फिटनेस और खेल के महत्व पर जोर देता है। नीरज स्कूली बच्चों के सवालों का जवाब भी देंगे और उनके साथ फिटनेस एवं खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लेंगे।

नीरज के बाद, तरुणदीप राय (तीरंदाजी), सार्थक भांबरी (एथलेटिक्स), सुशीला देवी (जूडो), केसी गणपति और वरुण ठक्कर (नौकायन) आने वाले दो महीनों में देश के अन्य हिस्सों में स्कूलों का दौरा करेंगे। पैरालंपिक खिलाड़ियों में अवनी लेखरा (पैरा निशानेबाजी), भावना पटेल (पैरा टेबल टेनिस) और देवेंद्र झाझरिया (पैरा एथलेटिक्स) इस अभियान में शामिल होंगे।

शिक्षा मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किए जा रहे इस विशेष अभियान के तहतटोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक के हमारे नायक दो साल की अवधि में देश भर के अधिक से अधिक स्कूलों का दौरा करेंगे। खिलाड़ी अपने स्वयं के अनुभव, जीवन के सबक, अगला बड़ा खिलाड़ी बनने के सुझाव देंगे और स्कूली बच्चों को समग्र रूप से प्रेरणादायक प्रोत्साहन देंगे।

Exit mobile version