Site icon Samagra Bharat News website

कोविड टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए इस राज्य में अपनाया अनोखा उपाय, टीवी, वॉशिंग मशीन और रेफ्रिजरेटर जैसे कई उपहार देने का दिया ऑफर

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2 दिंसबर। कोरोना नए स्वरूप Omicron के रूप को देखते हुए सारा देश अलर्ट मोड में है। देश में भले ही 120 करोड़ से ज्यादा टीके लग चुके हों, लेकिन अब भी बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्होंने टीकाकरण नहीं करवाया है। अगर आप भी ऐसे ही लोगों में से हैं, जिन्होंने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया है तो अब आपके पास कोरोना से छुटकारे के अलावा भी एक कारण है टीका लगवाने का। महाराष्ट्र में हिंगोली नगर परिषद टीकाकरण को बढ़ावा देने के लिए टीका लगवाओ पुरस्कार जीतने का अवसर पाओ ऑफर लेकर आयी है।

महाराष्ट्र के हिंगोली नगर परिषद ने लोगों को कोविड-19 टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने के मकसद से एक योजना शुरू की है. इस योजना के तहत टीके की खुराक लेने वाले लोगों को एलईडी टीवी, रेफ्रिजरेटर और वॉशिंग मशीन जैसे पुरुस्कार जीतने का मौका दिया जाएगा. नगर परिषद के अधिकारियों ने गुरुवार को इस ऑफर की जानकारी दी।

महाराष्ट्र में चंद्रपुर नगर इकाई ने भी इस महीने की शुरुआत में लोगों को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने के वास्ते इसी तरह का कदम उठाया था. एक अधिकारी ने बताया कि हिंगोली जिले में अब तक टीके के पात्र लोगों में से 73 फीसदी ने पहली खुराक ली है और 56 फीसदी ने दोनों खुराक ले ली हैं.।

नगर परिषद में कोविड-19 संबंधी ड्यूटी पर तैनात प्रोजेक्ट अधिकारी पंडित म्हास्के ने बताया कि कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर हिंगोली के जिलाधिकारी (DM) जिंतेंद्र पापल्कर ने बुधवार को आपात बैठक बुलाई थी और जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लेने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया था।

उन्होंने बताया कि नगर परिषद के प्रमुख अधिकारी डॉक्टर अजय कुरवाडे ने दो दिसंबर से 24 दिसंबर के बीच टीके की खुराक लेने वाले लोगों के लिए 27 दिसंबर को लकी ड्रॉ आयोजित करने का निर्णय लिया है. इसमें प्रथम पुरस्कार जीतने वाले को एलईडी टीवी दिया जाएगा. इसके बाद वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर, मिक्सर ग्राइंडर और पांच अन्य पुरस्कार हैं. जिले में अब तक संक्रमण के 16,059 मामले सामने आए हैं और 395 लोगों की मौत हो गई।

Exit mobile version