समग्र समाचार सेवा
सहारनपुर, 3 दिसंबर। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान, श्री संजीव बालियान और श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
इस अवसर पर अपने संबोधन में श्री अमित शाह ने कहा कि यहां इस विश्वविद्यालय के भूमि पूजन के साथ ही उत्तर प्रदेश में शिक्षा के लिए जो बहुत बड़ा यज्ञ मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहा है, उसमें आज एक आहुति और पड़ गई है। इसके साथ ही आस-पास के तीन जनपदों के युवाओं के लिए ना केवल पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था होगी, बल्कि अपने घर के पास ही उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त हो जाएगी।

केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले गन्ना मिलों को बंद करके अपने ही लोगों को बेचने का बड़ा षड्यंत्र चलता था। लेकिन हमारी सरकार बनने के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश या पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक भी गन्ना मिल ना तो बेची गई है और ना ही बंद हुई है। अब तक उत्तर प्रदेश के 90 प्रतिशत किसानों के गन्ने का भुगतान हो चुका है। 1.44 लाख करोड़ रूपए का भुगतान पिछले पांच साल में हुआ है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक ज़माना था कि माफ़ियाओं से पुलिस डरती थी, लेकिन आज माफ़िया डरकर पुलिस के सामने सरेंडर कर रहे हैं। हज़ारों करोड़ रूपए की सरकारी संपत्ति पर ये माफ़िया कब्ज़ा करके बैठ गए थे, लेकिन बड़ी कड़ाई के साथ सभी क़ानूनी अड़चनों को पार करके राज्य सरकार ने इसे खाली कराया है। श्री शाह ने कहा कि हमने कहा था कि गौहत्या पर सख़्ती करेंगे और जो अवैध क़त्लखाने चलते थे उन्हें बंद करके योगी सरकार ने प्रदेश में क़ानून का शासन लाने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में पिछली सरकार के पांच साल के मुक़ाबले योगी सरकार के पांच साल में डकैती के मामलों में 70 प्रतिशत की कमी हुई है, हथियार बंद लूट के मामलों में 69 प्रतिशत की कमी आई है, हत्याओं में 30 प्रतिशत, उपद्रव में 33 प्रतिशत और दहेज के कारण मृत्यु के मामलों में साढ़े 22 प्रतिशत की कमी आई है। पिछली सरकार के शासन में यूपी में माफ़ियाराज था और आज उत्तर प्रदेश में क़ानून का राज है। एक ज़माना था कि यहां दंगे होते थे, युवा मारे जाते थे और कई दिनों तक कर्फ्यू रहता था और इन मामलों में एकतरफ़ा केस दर्ज करने की प्रवृत्ति होती थी।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूरी दुनिया में भारत के सम्मान को बढ़ाया है, देश की अर्थनीति को सुधारा है, देश की सुरक्षा को सुनिश्चित किया है। एक ज़माना था जब आए दिन आतंकवादी देश में घुसते थे और आतंक मचाकर चले जाते थे, लेकिन दिल्ली के हुक्मरानों के माथे पर शिकन तक नहीं आती थी। आतंकियों ने उरी और पुलवामा में प्रयास किया लेकिन उन्हें नहीं मालूम था कि सरकार बदल गई है और अब नरेन्द्र मोदी जी प्रधानमंत्री हैं। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक करके मोदी जी ने दुनिया को दिखा दिया कि कोई भारत की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता। पूरी दुनिया में भारत को सम्मान दिलाने का काम हमारी सरकार और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किया है। मुख्यमंत्री योगी जी ने उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार के रास्ते से निकालकर विकास के रास्ते पर लाने का काम किया है, राज्य को दंगामुक्त बनाया है और कानून का शासन स्थापित किया है।