Site icon Samagra Bharat News website

देश में बढ़ रहा ओमीक्रोन का खतरा, भारत में यहां 31 दिसंबर तक लगाया गया नाइट कर्फ्यू

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 3 दिसंबर। केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव में एहतियात के तौर पर रात का कर्फ्यू लगा दिया गया है ताकि कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के मद्देनजर संक्रमण को फैलने से रोका जा सके. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि बृहस्पतिवार से रात 11 बजे से सुबह छह बजे तक, 31 दिसंबर तक कर्फ्यू रहेगा. इसके अलावा, कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र और केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन द्वारा जारी पिछले दिशा-निर्देश और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) 31 दिसंबर या अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।

इससे पहले, कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में अचानक वृद्धि के बाद अप्रैल में केंद्र शासित प्रदेश में रात्रि कर्फ्यू लगाया गया था. हालांकि, कुछ महीने पहले स्थिति के नियंत्रण में आने के बाद धीरे-धीरे आवाजाही पर लगे प्रतिबंध हटा लिए गए थे।

आदेश में केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के हालिया परामर्श का हवाला दिया गया जिसमें अफ्रीका के कुछ देशों में कोविड-19 के बी.1.1529 के स्वरूप के मामले आने के मद्देनजर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से ‘‘सभी अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की जांच’’ के लिए कहा गया था।

Exit mobile version