Site icon Samagra Bharat News website

कोरोना की चपेट में आई भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी, Korea के खिलाफ मुकाबला रद्द

An Indian female player has been found to be Corona positive in the Asian Championship Trophy, after which the Indian team against Korea

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 8 दिसंबर। एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी में भारत की एक महिला खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, जिसके बाद 8 दिसंबर को कोरिया के खिलाफ भारतीय टीम के मुकाबले को रद्द कर दिया गया है. खुद एशियाई हॉकी महासंघ ने अपने ट्विटर हैंडल पर इस बारे में जानकारी दी है. हालांकि महिला खिलाड़ी की पहचान नहीं की गई है.

एएचएफ ने ट्वीट किया, ‘‘एशियाई हॉकी महासंघ को यह सूचित करते हुए खेद है कि टीम इंडिया के नियमित कोविड परीक्षण के दौरान कल एक नतीजा पॉजिटिव आया है. कोरिया और भारत के बीच आज दोपहर तीन बजे होने वाले मुकाबले का आयोजन नहीं होगा. जल्द ही आगे की जानकारी दी जाएगी.’’

बता दें कि कोरोना ने एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी को मंगलवार को ही प्रभावित कर दिया था. कोरोना से जुड़े मुद्दों के चलते भारत-मलेशिया का मैच रद्द किया गया था, जिसके बाद भारतीय टीम का एक अन्य मैच रद्द करने का फैसला लिया गया है. मलेशियन खिलाड़ी नूरुल फैजाह शफीकाह खलीम का दक्षिण कोरिया पहुंचने पर किया गया कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया था. इस वजह से मलेशिया को प्रतियोगिता के कम से कम पहले दो दिन बाहर रहना पड़ा.

पॉजिटिव नतीजे के बाद हालांकि टूर्नामेंट में भारत के बाकी बचे मैचों को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है. भारत को अपने अगले मैच में गुरुवार को चीन से भिड़ना है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मलेशिया की तरह भारतीय दल को भी एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद पृथकवास पर रहना पड़ सकता है. पिछली बार के उप विजेता भारत ने इससे पहले थाईलैंड को 13-0 से करारी शिकस्त दी थी जिसमें ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने पांच गोल किये थे.

गौरतलब है कि महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पहले 2020 में किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे कई बार स्थगित करना पड़ा था. अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ की महिला रैंकिंग में भारतीय टीम 9वें पायदान पर है. भारत इस प्रतियोगिता में सर्वोच्च रैंकिंग वाला देश है.

Exit mobile version