Site icon Samagra Bharat News website

आज ऐतिहासिक गंगा एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी, यूपी के इन शहरों को जोड़ेगी यह परियोजना

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 18दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज उत्‍तर प्रदेश के ऐतिहासिक सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे का दोपहर 12.50 बजे शिलान्यास करेंगे। इसके लिए वे रोजा के रेलवे मैदान पहुंचेंगे और वहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी करीब एक घंटे यहां रहेंगे। पीएम मोदी का विमान दोपहर 12.10 बजे बरेली के त्रिशूल एयरबेस पहुंचेगा और वहां से हेलीकाप्टर से जनसभा स्थल पहुंचेंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल रहेंगे।

यह एक्‍सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज तक बनेगा। इस 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेस वे का काम वर्ष 2024 में पूरा हो जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने जमीनों के बैनामे कराने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली है।
यह एक्सप्रेस-वे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज से होकर गुजरेगा. इस एक्सप्रेस-वे के लिए जरूरी 518 ग्राम पंचायतों के 7368 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण का करीब 96 फीसदी काम पूरा हो चुका है।

प्रोजेक्ट के पहले चरण में 594 किलोमीटर लंबा छह लेन वाला यह एक्सप्रेस-वे मेरठ के बिजौली गांव के पास से शुरू होकर प्रयागराज के जुदापुर दांडू गांव तक जाएगा। इसे 36,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित किया जाएगा। मेरठ के बिजौली गांव से शुरू होकर प्रयागराज के जुड़ापुर दांदू गांव तक पहुंचने में 12 जिलों की 30 तहसीलों का क्षेत्र इसमें शामिल होगा।

Exit mobile version