Site icon Samagra Bharat News website

दिवंगत पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर ने बीजेपी से दिया इस्तीफा

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 22 जनवरी। पूर्व सीएम स्वर्गीय मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। बताया जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें पणजी निर्वाचन क्षेत्र से टिकट देने से इनकार कर दिया और वहां से अतानासियो “बाबुश” मोनसेरेट को मैदान में उतारा जिससे नाराज होकर उत्पल ने पार्टी से इस्तीफा दिया।

उत्पल पर्रिकर ने आगामी गोवा चुनाव 2022 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ने का फैसला किया है।

इससे पहले उत्पल पर्रिकर ने कहा था, “मैं पणजी निर्वाचन क्षेत्र से एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ूंगा। पणजी के लोगों ने इतने वर्षों में मनोहर पर्रिकर को वोट दिया क्योंकि वह कुछ मूल्यों के लिए खड़े थे। मेरे अंदर भी वे मूल्य हैं। समय आ गया है मेरे लिए उन मूल्यों के लिए आगे आए।

उत्पल पर्रिकर ने कहा कि उनका पणजी के लोगों के साथ बहुत गहरा रिश्ता है।

इस बीच, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेता उत्पल पर्रिकर के साथ बातचीत कर रहे थे और उन्होंने आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ने के लिए उन्हें दो निर्वाचन क्षेत्रों की पेशकश की थी।

गोवा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की।

गोवा में 14 फरवरी को विधानसभा चुनाव होंगे। मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Exit mobile version