Site icon Samagra Bharat News website

रायबरेली में शराब पीने से 10 लोगों की मौत

 समग्र समाचार सेवा

रायबरेली, 26 जनवरी। रायबरेली में जहरीली शराब पीने से दस लोगों की मौत हो चुकी है। शराब पीने से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है। मंगलवार को जहां चार लोगों ने जान गंवाई थी वहीं बुधवार दोपहर तक दस लोगों की मौत हो गई। हालांकि पुलिस जहरीली शराब से सिर्फ छह मौतें होने की ही पुष्टि कर रही है। बुधवार की सुबह नौ बजे के करीब आइजी लक्ष्मी सिंह भी मामले की जांच करने पहुंची और आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। वहीं, जिले के आबकारी इंस्पेक्टर  अजय कुमार और सिपाही धीरेंद्र श्रीवास्तव निलम्बित कर दिए गए हैं। इस मामले में यह अब तक की पहली कार्रवाई है।

पहाड़पुर देसी शराब के ठेके से जुड़ा है मामला

पूरा मामला महराजगंज के पहाड़पुर देसी शराब के ठेके से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी गांव की सुखरानी के घर सोमवार को बेटी का बरहंव कार्यक्रम था, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की थी और देसी शराब पी थी। बुधवार की सुबह इसी शराब के सेवन से पहाड़पुर गांव के सरोज की गांव में ही मौत हो गई। सुखरानी और राम सुमेर की महराजगंज सीएचसी और बंशी की जिला अस्पताल में सांसें थम गईं थीं।

कुछ की सांस अस्पताल में थम गई

पहाड़पुर के चंद्रपाल की जिला अस्पताल में सांसें थम गईं। इनके अलावा थुलवासा में भट्ठे पर काम करने वाले रामबाबू और कासिम, नहर विभाग में काम करने वाले पहाड़पुर निवासी पंकज सिंह की भी जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इन सभी ने इसी ठेके से शराब खरीदकर पी थी, ऐसा ग्रामीणों का कहना है।

खंगाला ठेकेदार का घर

पहाड़पुर देसी शराब का ठेका पूरे पोदराम सिंह निवासी धीरेंद्र सिंह के नाम है। आइजी लक्ष्मी सिंह ने उसके घर पर दबिश देकर छानबीन की। उन्होंने बताया कि ठेकेदार और सेल्समैन के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है। जहरीली शराब से अब तक छह लोगों की मौत हुई है।

Exit mobile version