Site icon Samagra Bharat News website

अरुणाचल के लापता व्यक्ति को चीनी सेना ने भारत को सौंपा

समग्र समाचार सेवा
ईटानगर, 27 जनवरी। अरुणाचल प्रदेश के लापता युवक  मिराम तरोन को चीनी सेना ने भारत को सौंप दिया है। कानून मंत्री किरण रिजिजू ने इसकी पुष्टि करते हुए ट्वीट किया। उन्होंने बताया कि युवक को भारतीय सेना को सुपुर्द कर दिया गया है। उसका मेडिकल जांच की जा रही है। किरण रिजिजू ने ट्वीट किया कि चीनी सेना पीएलए ने अरुणाचल प्रदेश के युवक मिराम तरोन को भारतीय सेना को वापस सौंप दिया है। मेडिकल जांच सहित उचित प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

दोनों सेनाओं के बीच मुद्दे पर हुई थी बात

इससे पहले कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि भारतीय सेना और चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के बीच बुधवार को हॉटलाइन पर बात हुई। इस दौरान चीन ने अरुणाचल प्रदेश के लापता युवक को सौंपने का संकेत दिया था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, ‘वे जल्द ही तारीख और समय के बारे में बता सकते हैं। देरी के लिए उनकी ओर से खराब मौसम की स्थिति को जिम्मेदार ठहराया गया है।’

19 जनवरी को हुआ था लापता

अरुणाचल प्रदेश से सांसद तापिर गाओ ने 19 जनवरी को दावा किया था कि पीएलए ने अपर सियांग जिले के सियुंगला इलाके (बिशिंग गांव) के लुंगटा जोर से तरोन को अगवा कर लिया। घटना उस स्थान के पास हुई जहां से त्सांगपो नदी भारत में अरुणाचल प्रदेश में प्रवेश करती है। त्सांगपो को अरुणाचल प्रदेश में सियांग और असम में ब्रह्मपुत्र कहा जाता है।

चीनी सेना पर लगा था अपहरण का आरोप

भारतीय सेना ने कहा था कि जब उन्हें टैरोन के बारे में जानकारी मिली, तो उसने हॉटलाइन के स्थापित तंत्र के माध्यम से तुरंत पीएलए से संपर्क किया और सूचित किया कि एक व्यक्ति, जो जड़ी-बूटी इकट्ठा कर रहा था और शिकार कर रहा था, अपना रास्ता भटक गया है और वह वापस नहीं आ सका। यह आरोप लगाया गया था कि चीनी पीएलए ने लड़के का अपहरण कर लिया था।

Exit mobile version