Site icon Samagra Bharat News website

दिल्लीः गैंगरेप पीड़िता की इज्जत तार-तार, मुंह पर कालिख, गले में जूतों की माला पहनाई

 समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 27 जनवरी। देश की राजधानी दिल्ली में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। वहां एक बलात्कार पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी की सारी हदें पार की गईं हैं। मामला शाहदरा में निजी रंजिश को लेकर एक 20 साल की महिला के साथ गैंगरेप और बाद में बाल काटकर उसे सड़कों पर घुमाने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में अबतक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दूसरी तरफ, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने पीड़ित से मुलाकात की है। उन्होंने दावा किया है कि इसे अवैध शराब बेचने वालों ने अंजाम दिया है। मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को नोटिस भी जारी किया है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और एलजी से सख्त ऐक्शन की मांग की है।

मामला शाहदरा के विवेक विहार थाने का

मामला शाहदरा के विवेक विहार थाने का है। इससे जुड़ा जो वीडियो सामने आया है उसमें भीड़ एक महिला के बाल काट उसके मुंह पर कालिख पोतने के बाद जूतों की माला पहनाकर उसे सड़क पर घुमाती दिख रही है। भीड़ में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। पीड़ित के साथ गैंगरेप भी किया गया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, निजी दुश्मनी की वजह से आरोपियों ने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है।

महिला आयोग ने लिया मामले पर संज्ञान

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘कस्तूरबा नगर में 20 साल की लड़की का अवैध शराब बेचने वालों द्वारा गैंगरेप किया गया। उसे गंजा कर, चप्पल की माला पहना पूरे इलाके में मुंह काला करके घुमाया। मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। सब अपराधी आदमी-औरतों को अरेस्ट किया जाए और लड़की और उसके परिवार को सुरक्षा दी जाए।’

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने की सख्त कार्रवाई की बात

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शाहदरा की घटना को शर्मनाक बताते हुए पूछा है कि अपराधियों की इतनी हिम्मत कैसे हो गई। उन्होंने स्वाति मालीवाल के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘ये बेहद शर्मनाक है। अपराधियों की इतनी हिम्मत हो कैसे गई? केंद्रीय गृहमंत्री जी और उपराज्यपाल जी से मैं आग्रह करता हूं कि पुलिस को सख्त एक्शन लेने के निर्देश दें, कानून व्यवस्था पर ध्यान दें। दिल्लीवासी इस तरह के जघन्य अपराध और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।’

Exit mobile version