Site icon Samagra Bharat News website

चवन्नी वाले बयान पर भाजपा का कटाक्ष, जयंत को बताया बच्चा

The Bharatiya Janata Party has taken a jibe at Rashtriya Lok Dal chief Jayant Chaudhary, who entered the fray in alliance with

समग्र समाचार सेवा

नई दिल्ली, 31 जनवरी। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन कर मैदान में उतरी राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया जयंत चौधरी पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार कटाक्ष किया है। केन्द्र सरकार में शिक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान रविवार को ताजनगरी आगरा में जनसंपर्क पर थे, इसी दौरान उन्होंने मीडिया के सवाल पर कहा कि जयंत चौधरी तो अभी बच्चे हैं, बच्चों को माफ करना हम बड़ों का फर्ज है।

ताजनगरी आगरा में केंद्रीय मंत्री भाजपा प्रत्याशियों के लिए जनसंपर्क कार्यक्रम में भ्रमण कर रहे थे। रात में भ्रमण के दौरान ही उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी पर तगड़ा कटाक्ष भी किया। उन्होंने जयंत चौधरी के बयान ”मैं कोई चवन्नी नहीं कि पलट जाऊं” पर कहा कि जयंत जी बच्चे हैं। वह तो सक्रिय राजनीति में अभी-अभी मैदान में आए हैं। उनके पिता तो कितनी बार दल-बदल कर चुके हैं, हमें पता नहीं था कि उनका इतिहास का ज्ञान इतना कमजोर है। बच्चों को माफ कर देना चाहिए।

दरअसल जयंत चौधरी ने केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के बयान ”विधानसभा चुनाव के बाद जयंत चौधरी भी कहेंगे कि समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन हमारी भूल थी” पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। आगरा में केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कहा कि अभी उनको राजनीति में परिपक्व होने में समय लगेगा। जयंत चौधरी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा उनकी यादाश्त कमजोर है। बच्चे हैं इसलिए माफ कर देना चाहिए। उनके साथ ही अखिलेश यादव को अभी कोई बड़ा अनुभव नहीं है।

इससे पहले धर्मेन्द्र प्रधान ने आगरा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। धर्मेन्द्र ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम संवाद का माध्यम है यह राजनीतिक नहीं है। उन्होंने कहा कि गत तीन चुनावों में वर्ग विशेष की बात करने वालों को जनता नकार चुकी है। इस बार भी ऐसा ही होगा। भाजपा सर्व समाज की बात करती है। हर वर्ग का विकास करने में जुटी है।

Exit mobile version